Groom Shot Dead in UP: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक घटना ने दिल दहला दिया है. खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास शुक्रवार शाम बारात लेकर जा रहे एक दूल्हे की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. मृतक दूल्हे की पहचान सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी आजाद बिंद (27) पुत्र राम लखन बिंद के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, बैंड-बाजे और उत्साह के बीच बारात आगे बढ़ रही थी, तभी मनेछा गांव के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हमला बोल दिया. हमलावरों ने दूल्हे की कार को चारों तरफ से घेरते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.

सजी हुई थी स्टेज
लहूलुहान दूल्हे को ले गए अस्पताल, लेकिन...
गोलियों की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस बीच दूल्हा आजाद लहूलुहान होकर कार में ही गिर पड़ा. परिजन उसे तत्काल खेतासराय के एक निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद आजाद को मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. परिजनों की माने तो कुछ लोगों से पुरानी रंजिश थी और धमकी भी दी गई थी. उन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया है. इसके अलावा पुलिस को जांच में दुल्हन के रिश्तेदार की भूमिका होने का पता चला है.
#WATCH | Jaunpur, UP | SSP Kunwar Anupam Singh says, "A report of gunfire at a wedding procession in the Kheta Sarai police station area was reported. Upon investigation, it was found that a youth named Azad Bind's wedding procession was heading towards this area. A relative of… pic.twitter.com/vScoV8IGL7
— ANI (@ANI) May 2, 2026
दुल्हन के रिश्तेदार पर गोली मारने का आरोप
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि खेता सराय पुलिस थाना क्षेत्र में एक बारात पर गोलीबारी की सूचना मिली थी. जांच करने पर पता चला कि आज़ाद बिंद नाम के एक युवक की बारात इस इलाके की ओर जा रही थी. दुल्हन का एक रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से खुश नहीं था और अपने साथी रवि यादव के साथ मोटरसाइकिल पर आया और दूल्हे पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई. परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं और उनको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- उर्स से लौट रहे युवक को ट्रेन से फेंका गया! पत्नी से आखिरी कॉल, पोस्टमार्टम और ऑडियो ने खोली खौफनाक सच्चाई
(जौनपुर से राजेश कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं