विज्ञापन
This Article is From Dec 09, 2017

ग्रेटर नोएडा : 15 साल के लड़के ने ही अपनी मां और बहन का किया था बेरहमी से कत्ल, ऐसे दिया अपराध को अंजाम

ग्रेटर नोएडा में 15 साल के नाबालिग लड़के ने अपनी मां और बहन की निर्ममता से हत्या कर दी. वह हत्या की प्लानिंग बहुत दिनों से कर रहा था.

ग्रेटर नोएडा : 15 साल के लड़के ने ही अपनी मां और बहन का किया था बेरहमी से कत्ल, ऐसे दिया अपराध को अंजाम
ग्रेटर नोएडा में मां-बेटी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई थी
  • पढ़ाई के लिए मां की डांट-फटकार से था परेशान
  • मां और बहन की हत्या कर ट्रेन पकड़कर फरार हो गया
  • बनारस में पैसे खत्म होने पर पिता को किया था फोन
ग्रेटर नोएडा: वह सोफे पर बैठकर पढ़ाई रहा था. मां ने कहा कि डायनिंग हॉल में बैठकर पढ़ो. मां ने उससे उठकबैठक लगवाई, फिर पिटाई कर दी. पढ़ाई को लेकर इस तरह की डांट-फटकार के चलते ही ग्रेटर नोएडा में 15 साल के नाबालिग लड़के ने अपनी मां और बहन की निर्ममता से हत्या कर दी. वह हत्या की प्लानिंग बहुत दिनों से कर रहा था. 4 दिसंबर की शाम को वह अपनी मां अंजलि अग्रवाल और 12 साल की बहन मणिकर्णिका के साथ खाना लाने के लिए निकला. लिफ्ट की सीसीटीवी में वह अपनी बहन के साथ हंसकर बात करता दिख रहा, लेकिन 10 बजे जब बाकी लोग सो गए तब वह मां के कमरे में आया और क्रिकेट बैट से कई वार किए, फिर कैंची से भी कई दफा गोद डाला. इतने पर भी जब उसे संतोष नहीं हुआ तो उसने पिज्जा कटर से उनका चेहरा काट दिया. मां की हत्या की बात पता न चले इसकी वजह से उसने अपनी बहन की भी इसी तरह हत्या कर दी.

यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर केस : बाथरूम में मिले खून से सने कपड़े और...

हत्या के बाद नाबालिग ने स्नान किया और कपड़े बदल कर रेलवे स्टेशन पहुंच गया. पहले लुधियाना, फिर चंडीगढ़, वहां से शिमला फिर रांची चला गया. रांची से फिर बनारस लौटा. चार दिन तक भटकने के बाद जब पैसे खत्म हो गए तो उसे घर की याद आई. इस बीच उसका बैग भी चोरी हो गया. बनारस में किसी अनजान शख्स से मोबाइल मांगकर उसने पिता को फोन किया. पिता सौम्य अग्रवाल के पास फोन आते ही नोएडा पुलिस की टीम तुरंत बनारस रवाना हो गई. करीब चार घंटे की खोजबीन के बाद फरार लड़का गुमसुम हालत में दश्वासमेघ घाट पर पकड़ा गया.

पुलिस ने किया ये खुलासा
गौतमबुद्ध नगर के एसएसपी लव कुमार बताते हैं कि लड़का बेतहाशा रो रहा है. वह मानसिक अवसाद में है. वह खुद भी नहीं समझ पा रहा है कि उसने इतनी बेरहमी से ये हत्याएं क्यों की. उन्होंने कहा कि मां का हमेशा पढ़ाई के लिए उसे डांटना फटकारना और बहन को ज्यादा तवज्जो मिलने से वह नाराज रहता था. स्कूल में भी उसके दोस्त उससे ज्यादा घुलते मिलते नहीं थे. एसएसपी ने बताया कि इन्हीं सब वजहों से हो सकता है कि उसने यह खतरनाक कदम उठाया. हत्या के पीछे वीडियो गेम की किसी भी भूमिका को वह खारिज करते हैं. एसएसपी ने कहा कि लड़के ने ये भी कई बार सोचा कि बार बार डांट खाने से अच्छा है कि आत्महत्या कर लूं, लेकिन सोमवार को मां का उसे को पीटना एक फौरी वजह बन गई. सोमवार की रात रात को ही उसने मां और बहन की हत्या कर दी.

पहले प्रद्युम्न हत्याकांड में नाबालिग की संलिप्तता, फिर ग्रेटर नोएडा में अपनी ही मां और बहन की हत्या में नाबालिग का शामिल होना दिखाता है कि बहुत कुछ बनने के दबाव में हमारा समाज तेजी से खोखलेपन की ओर खिसक रहा है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida, Double Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com