विज्ञापन

दिल्ली: थिनर से एक्सपायरी डेट मिटा बेच दे रहे थे खाने-पीने का सामान, पुलिस ने किया भंडाफोड़, 3 को दबोचा

दिल्ली के द्वारका इलाके में एक्सपायर खाद्य और पेय पदार्थों की रीपैकेजिंग कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. आरोपियों ने थिनर से एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीख छापी और उत्पादों की दोबारा सप्लाई की.

दिल्ली: थिनर से एक्सपायरी डेट मिटा बेच दे रहे थे खाने-पीने का सामान, पुलिस ने किया भंडाफोड़, 3 को दबोचा
एक्सपायरी डेट मिटाने के लिए थिनर का इस्तेमाल (एआई इमेज)
  • दिल्ली पुलिस ने एक्सपायर हो चुके खाद्य, पेय पदार्थों की दोबारा पैकेजिंग कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया
  • आरोपियों ने थिनर से एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीख मशीन से प्रिंट कर उत्पादों को दोबारा पैक किया था
  • छापेमारी में 3096 सॉफ्ट ड्रिंक के डिब्बे और कई ब्रांडेड बिस्किट बरामद हुए, जो बाजार में भेजे जाने वाले थे
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है. राजधानी के द्वारका इलाके में ‘एक्सपायर' हो चुके खाद्य और पेय पदार्थों की दोबारा पैकेजिंग कर उन्हें बाजार में बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को दबोचा भी है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नामी ब्रांड्स के एक्सपायर या एक्सपायर होने वाले प्रोडक्टस की तारीख में हेरफेर कर उन्हें दोबारा बिक्री के लिए भेज रहे थे. दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में बताया कि यह कार्रवाई को क्राइम ब्रांच की टीम की तरफ से की गई है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांड्स के सॉफ्ट ड्रिंक्स के 3,096 डिब्बे बरामद किए. इसके अलावा, जाने‑माने ब्रांड्स के बिस्किट की भी बड़ी खेप जब्त की गई, जिनकी पैकेजिंग और स्टिकर में बदलाव किया गया था. पुलिस के अनुसार, यह सामान दोबारा बाजार में खपाने की तैयारी में रखा गया था.

एक्सपायरी डेट मिटाने के लिए थिनर का इस्तेमाल

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया. आरोपियों ने बताया कि वे बाजार से एक्सपायर या एक्सपायर होने वाले प्रोडक्ट्स को पहले खरीदते थे, फिर थिनर की मदद से उसकी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट मिटा दी जाती थी. इसके बाद मशीन का इस्तेमाल कर पैकेटों पर नई तारीख प्रिंट कर दी जाती थी.

ये भी पढ़ें : पहले सरेआम चाकू से गोदकर की हत्या, फिर इंस्टाग्राम पर बनाया रील, बोला- तुम्हारे भाई ने मर्डर कर दिया है

दोबारा पैक कर बाजार में की जाती थी सप्लाई

पुलिस के अनुसार, बदली हुई तारीख वाले प्रोडक्ट्स को डिब्बों में दोबारा पैक किया जाता था. इसके बाद इन्हें बाजार में सप्लाई के लिए भेज दिया जाता था, जिससे ग्राहकों की सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था. इस पूरे मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. पुलिस के मुताबिक, 29 मार्च को सूचना मिली थी कि द्वारका के बामनोली गांव में कुछ लोग एक अवैध यूनिट चला रहे हैं. जहां मल्टी ब्रांड्स के ‘एक्सपायर' हो चुके या जल्द एक्सपायर होने वाले खाद्य और पेय पदार्थों की तिथियों के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी. सूचना में बताया गया था कि बदली हुई तारीख के साथ इनको दोबारा बाजार में बेचा जा रहा है.

सेक्टर‑28 के गोदाम पर छापा

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने द्वारका के सेक्टर‑28 स्थित एक गोदाम पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में शीतल पेय और पैकेट बंद खाद्य पदार्थ पाए गए. शुरुआती जांच में सामने आया कि इन उत्पादों की पैकेजिंग से छेड़छाड़ की गई थी. मौके से बरामद सामान को तुरंत कब्जे में ले लिया गया. छापेमारी के समय गोदाम में मौजूद शिवम सिंह और लोकेश कुमार को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे इस अवैध इकाई के मालिक कमल मुदगिल के निर्देशों पर काम कर रहे थे. कुछ ही देर बाद कमल मुदगिल भी मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.

ये भी पढ़ें ; दिल्ली के द्वारका में CNG फिलिंग स्टेशन पर CNG सिलेंडर फटा, 4 लोग घायल

एफएसएसएआई की जांच के बाद सामान जब्त

पुलिस ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया था. एफएसएसएआई टीम ने कंपनी के लाइसेंस की जांच की और खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए. जांच के बाद फर्जी बैच नंबर और बदली हुई ‘एक्सपायरी डेट' वाले खाद्य उत्पादों को जब्त कर लिया गया.

(भाषा इनपुट्स के साथ)
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com