विज्ञापन

दिल्‍ली में सरकारी अस्‍पताल से बच्‍चा चोरी, मां से पहचान बढ़ाकर नवजात ले भागी महिला, पुलिस ने 12 घंटे में धर-दबोचा 

दिल्ली के रोहिणी स्थित अंबेडकर अस्पताल से चोरी हुए 2 दिन के नवजात को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. आरोपी महिला और उसके साथी को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार किया गया.

दिल्‍ली में सरकारी अस्‍पताल से बच्‍चा चोरी, मां से पहचान बढ़ाकर नवजात ले भागी महिला, पुलिस ने 12 घंटे में धर-दबोचा 
Delhi Baby Theft Case: दिल्‍ली के सरकारी अस्‍पताल से बच्‍चा चोरी करनेवालों को पुलिस ने 12 घंटे में धर दबोचा और बच्‍चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया

प्रभाकर राणा, राोहिणी, दिल्‍ली | राजधानी दिल्ली के रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से दो दिन के नवजात शिशु की चोरी से मंगलवार को सनसनी फैल गई. हालांकि दिल्ली पुलिस की तत्परता के चलते नॉर्थ रोहिणी थाना पुलिस ने महज 12 घंटे से भी कम समय में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी महिला समेत उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने नवजात को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया.

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में एक महिला नवजात को गोद में लेकर बाहर जाती हुई दिखाई दी. जांच में पता चला कि आरोपी महिला ने खुद को किसी मरीज की तीमारदार बताकर पहले बच्चे की मां से जान-पहचान बढ़ाई और धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया. मंगलवार तड़के उसने बच्चे को खिलाने के बहाने मां से लिया और अस्पताल से फरार हो गई. जब मां की नींद खुली तो बच्चा और महिला दोनों गायब थे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

कभी मेट्रो, कभी रिक्‍शे से भागी महिला 

रोहिणी जिले के एडिशनल डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कई टीमें गठित कीं. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई. जांच के दौरान सामने आया कि पुलिस को चकमा देने के लिए महिला ने मेट्रो, रिक्शा और अन्य कई वाहनों का इस्तेमाल किया, लेकिन लगातार ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से उसे और उसके साथी को नवजात के साथ दबोच लिया.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की उम्र करीब 40 साल है, जबकि उसका साथी लगभग 20 साल का बताया जा रहा है. दोनों नोएडा के रहने वाले हैं. नवजात को सकुशल परिवार के हवाले किए जाने के बाद माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम का बार-बार धन्यवाद किया.

बच्‍चा चोरी के अपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके संभावित आपराधिक नेटवर्क व अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल तो नहीं रहे.

हाल के दिनों में दिल्ली में लोगों के गायब होने और बच्चों की चोरी की घटनाओं के बीच इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय मानी जा रही है. साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अस्पताल या सार्वजनिक जगहों पर किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और खासकर नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें.

लेखक के बारे में
img
निलेश कुमार
Senior Producer
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Crime News, Delhi Crime News In Hindi, Baby Theft, Newborn Baby, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com