विज्ञापन
This Article is From Apr 05, 2018

करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में एसआरएस ग्रुप के चेयरमेन अनिल जिंदल गिरफ्तार

फ्लैट देने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला, नानकचंद तायल, बिशन बंसल, देवेंद्र अधाना और विनोद मामा को भी गिरफ्तार किया गया

करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में एसआरएस ग्रुप के चेयरमेन अनिल जिंदल गिरफ्तार
एसआरएस ग्रुप के चेयरमेन अनिल जिंदल सहित पांच लोगों को करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है.
  • फरीदाबाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को दिल्ली में किया गिरफ्तार
  • आरोपियों के खिलाफ अभी तक कुल 22 केस दर्ज किए गए
  • आरोपियों के खिलाफ करीब 100 शिकायतों की जांच जारी
नई दिल्ली: करोड़ों की धोखधडी के मामले में एसआरएस ग्रुप के चेयरमेन अनिल जिंदल व चार अन्य को फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है.

पुलिस आयुक्त अमिताभ सिंह ढिल्लो के दिशानिर्देश पर डीसीपी विक्रम कपूर और प्रभारी ईओडब्लू सेल निरीक्षक प्रदीप व उनकी टीम ने एसआरएस ग्रुप के चेयरमेन अनिल जिंदल, नानकचंद तायल, बिशन बंसल, देवेंद्र अधाना और विनोद मामा को आज गिरफ्तार कर लिया. उन पर फ्लैट देने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है.

इन आरोपियों के खिलाफ गत चार मार्च को धारा 420, 406, 120बी, आईपीसी व 3 हरियाणा प्रोटेक्शन ऑफ इंट्रेस्ट ऑफ डिपोजिटर इन एफई एक्ट 2013 के तहत अलग-अलग शिकायतों पर थाना सेक्टर 31 में केस दर्ज किए गए थे.

विक्रम कपूर ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए ईओडब्लू सेल द्वारा अभी तक तफ्तीश के दौरान सबूत जुटाए जा रहे थे. गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहे थे. उन्होंने बताया कि विशेष सूत्रों से मिली सूचना पर आरोपियों को चार अप्रैल की रात में महिपालपुर दिल्ली के होटल से गिरफ्तार किया गया.

यह भी पढ़ें : PNB स्‍कैम: ब्रैडी हाउस ब्रांच का जनरल मैनेजर रैंक का अधिकारी राजेश जिंदल गिरफ्तार

आरोपियों के खिलाफ अभी तक कुल 22 केस दर्ज किए गए हैं. केस दर्ज होने के बाद करीब 100 शिकायतों की जांच ईओडब्लू सेल द्वारा की जा रही है. शिकायतों की जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

आरोपियों से रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ कर सभी मामलों की बारीकी से जांच की जाएगी. इसके अलावा इनकम टैक्स डिपाटमेंट और इन्फोर्समेंट डिपार्टमेंट (ईडी) की भी सभी केसों में सहायता ली जाएगी ताकि आरोपियों के खिलाफ अधिक से अधिक सबूत जुटाए जा सकें.

VIDEO : रोटोमेक के मालिक विक्रम कोठारी रिमांड पर

पीड़ित लोगों से फरीदाबाद पुलिस ने अपील की है कि वे सभी सबूतों के साथ अपनी शिकायत पुलिस में करें. जांच के बाद उनकी शिकायत पर भी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chairman Of SRS Group Anil Jindal Arrested
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com