विज्ञापन
This Article is From Dec 30, 2022

दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में बिजनेसमैन की गोली मारकर हत्या

तीन बदमाशों ने जिम की मशीन बनाने वाले बिजनेसमैन महेंद्र अग्रवाल को ऑफिस में घुसकर गोली मारी

प्रतीकात्मक फोटो.
नई दिल्ली:

दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में जिम की मशीन बनाने वाले बिजनेसमैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुक्रवार को शाम करीब आठ बजे पुलिस को यह जानकारी मिली. तीन बदमाशों ने बिजनेसमैन को ऑफिस में घुसकर गोली मारी. इस हमले से 45 साल के बिजनेसमैन महेंद्र अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे. पुलिस CCTV की मदद से आरोपियों की पहचान करने और उन्हें तलाशने की कोशिश कर रही है.

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में जिम कारोबारी की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिलते ही प्रीत विहार थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए हैं.

कारोबारी महेंद्र अग्रवाल जिम और स्पा चलाते थे. साथ ही उनका जिम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का भी कारोबार है. प्रीत विहार इलाके के विकास मार्ग पर स्थित एक बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर एनर्जी जिम और स्पा का आफिस है, साथ ही बेसमेंट में जिम भी है.

शुक्रवार को देर शाम करीब 8 बजे महेंद्र अग्रवाल अपने आफिस में थे. इसी दौरान हथियारों से लैस तीन बदमाश आफिस में दाखिल हुए और उन्होंने एक के बाद एक तीन गोली महेंद्र अग्रवाल पर चला दीं. एक गोली महेंद्र अग्रवाल के सिर पर लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बदमाश भागते वक्त आफिस में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके.

फिलहाल पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान हो सके.

सूचना मिलते ही महेंद्र अग्रवाल के परिजनों ने मौके पर पहुंच गए हैं. पुलिस परिजनों से भी बातचीत कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हत्याकांड के पीछे किसका हाथ है, क्या महेंद्र अग्रवाल की किसी से रंजिश चल रही थी?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Businessman Shot Dead, Delhi, Preet Vihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com