विज्ञापन

बिहार: इलाज को लेकर बहस के बाद अस्पताल में मारपीट, दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल

बिहटा के एक निजी अस्पताल में बच्चे के इलाज को लेकर शुरू हुई बहस हिंसक झड़प में बदल गई. दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल हुए, पुलिस ने जांच शुरू की.

बिहार: इलाज को लेकर बहस के बाद अस्पताल में मारपीट, दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल
हंगामे में अस्पताल के स्टाफ के कई लोग घायल हुए
  • बिहटा थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज को लेकर विवाद के कारण हिंसक झड़प हुई जिसमें कई लोग घायल हुए
  • विवाद अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच मामूली कहासुनी से शुरू होकर मारपीट और लाठी‑डंडे चलने तक पहुंचा
  • अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई
दानापुर:

बिहार के बिहटा थाना क्षेत्र के रेल ओवरब्रिज के दक्षिणी छोर पर स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार की रात बच्चे के इलाज को लेकर बड़ा विवाद हो गया. मामूली सी कहासुनी से शुरू हुई बात अचानक इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक झड़प में तब्दील होने में देर नही लगी. घटना में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल हो गए.

अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच हुई बहस

अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर चंदन कुमार के अनुसार, इलाज के दौरान परिजनों और स्टाफ के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. आरोप है कि इसके बाद 40–50 की संख्या में लोग अस्पताल में घुस गए और स्टाफ से मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान लाठी‑डंडे चलने और हाथापाई की नौबत आ गई, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में अफरा‑तफरी मच गई.

ये भी पढ़ें: मधेपुरा में दिल दहला देने वाली वारदात, 20 वर्षीय लड़की की हत्या, पिता ही निकला कातिल

कई लोग घायल, अलग‑अलग जगहों पर इलाज जारी

हंगामे में अस्पताल के एक कर्मी राहुल कुमार सहित कई स्टाफ घायल हुए हैं. वहीं, दूसरे पक्ष के भी कई लोगों को चोटें आईं. सभी घायलों का अलग‑अलग स्थानों पर इलाज कराया गया.

सीसीटीवी में कैद हुई घटना, दोनों पक्षों के आरोप

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है. दूसरी ओर, विरोधी पक्ष ने भी अस्पताल स्टाफ पर बदतमीजी और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि इसी वजह से विवाद भी बढ़ा.

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. अस्पताल और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

(एनडीटीवी के लिए गौरव कुमार की रिपोर्ट)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihta Hospital Clash, Hospital Staff Attacked, Treatment Argument Turns Violent, Private Hospital Fight, Dozens Injured In Bihta
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com