Yuvraj Singh on Vaibhav Sooryavanshi on his 12 Balls Half Century Record: युवराज सिंह के उस ऐतिहासिक 12 गेंदों वाले अर्धशतक को अब 19 साल होने वाले हैं, लेकिन आज भी जब कोई बल्लेबाज ताबड़तोड़ बैटिंग करता है, तो फैंस को युवी की याद आ जाती है. हाल ही में 'स्पोर्ट्स तक' से बातचीत के दौरान खुद युवराज ने उन खिलाड़ियों के नाम बताए हैं जो भविष्य में उनके इस "असंभव" से लगने वाले रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं. साल 2007 का वो टी20 वर्ल्ड कप और स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगे वो 6 छक्के. क्रिकेट फैंस के जेहन में आज भी वो यादें ताजा हैं. युवराज सिंह ने महज 12 गेंदों में अर्धशतक जड़कर जो विश्व रिकॉर्ड बनाया था, उसे बीते 19 साल हो चुके हैं. कई दिग्गज आए और गए, लेकिन युवी का यह किला कोई फतह नहीं कर पाया. अब खुद 'सिक्सर किंग' ने उन चार बल्लेबाजों की भविष्यवाणी की है, जिनमें उन्हें अपना यह रिकॉर्ड टूटता नजर आता है.
अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी हैं सबसे बड़े दावेदार
युवराज सिंह ने बातचीत के दौरान अपने शागिर्द अभिषेक शर्मा का नाम सबसे ऊपर रखा. युवी ने कहा, "रिकॉर्ड को अब 19 साल हो चुके हैं. अभिषेक ने हाल ही में 14 गेंदों में 50 रन बनाए हैं, वह बहुत करीब पहुँच गया था. मुझे लगता है कि अभिषेक में वो काबिलियत है कि वह इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकता है."
वैभव सूर्यवंशी की 'बैट स्पीड' के कायल हुए युवी
युवराज ने 13 साल के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी का नाम लेकर सबको चौंका दिया. वैभव की तारीफ करते हुए युवी ने यहाँ तक कह दिया कि इस लड़के की 'बैट स्पीड' उनके अपने दौर की बैट स्पीड से भी कहीं ज्यादा तेज है. युवी के मुताबिक, अगर वैभव इसी अंदाज में खेलते रहे, तो 12 गेंदों का रिकॉर्ड खतरे में पड़ सकता है.
युवराज ने इन दो नामों पर भी जताया भरोसा
अभिषेक और वैभव के अलावा युवराज ने अपनी लिस्ट में प्रभसिमरण सिंह और हार्दिक पांड्या को भी शामिल किया है. युवी का मानना है कि टी20 क्रिकेट जिस तेजी से बदल रहा है और जिस तरह की निडर बल्लेबाजी ये खिलाड़ी करते हैं, उनके रिकॉर्ड का टूटना अब महज वक्त की बात है.
युवराज सिंह ने बड़े दिल से स्वीकार किया कि वह चाहते हैं कि कोई भारतीय खिलाड़ी ही उनका यह रिकॉर्ड तोड़े. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या आईपीएल या इंटरनेशनल क्रिकेट में इनमें से कोई भी बल्लेबाज युवी के उस 'मैजिकल 12' के आंकड़े को पार कर पाता है या नहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं