Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट के 'सिक्सर किंग' युवराज सिंह ने 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी (Yuvraj Singh on Vaibhav Suryavanshi) की तारीफ में जो कहा है, उसने पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. Sports Tak के साथ बातचीत में युवराज ने न केवल वैभव के टैलेंट को सराहा, बल्कि एक ऐसा बयान दे दिया जो किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए किसी बड़े सम्मान से कम नहीं है.
वैभव सूर्यवंशी के इस खास टैलेंट से हैरान युवराज
युवराज सिंह, जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों के पसीने छुड़ाए हैं, आज खुद एक 15 साल के बच्चे की बैटिंग के दीवाने हो गए हैं. स्पोर्ट्स तक से बातचीत के दौरान जब वैभव सूर्यवंशी का जिक्र आया, तो युवराज ने अपनी तुलना उनसे करते हुए कहा, "इस लड़के की बैट स्पीड शानदार है. ईमानदारी से कहूं तो, इतनी तेज बैट स्पीड तो मेरी भी नहीं थी."
CSK के खिलाफ मचाया था धमाल
वैभव ने आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. वैभव ने गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली. वैभव ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए. उन्होंने पहले विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 6.2 ओवर में 75 रन जोड़े और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया. वैभव की शानदार पारी के बूते राजस्थान ने चेन्नई से मिले 128 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 12.1 ओवर में हासिल कर लिया.
अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के बारे में वैभव ने कहा, "मैं डिफेंस के बारे में सोचता तो हूं, लेकिन आज हमारा प्लान पावरप्ले में गेम को कंट्रोल करना था, क्योंकि छोटे टारगेट का पीछा करते समय यह दौर बहुत अहम होता है. अगर गेंदबाजी टीम वहां अच्छा करती है, तो गेम उनकी तरफ झुक सकता है, लेकिन हमारा पावरप्ले बहुत अच्छा रहा."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं