यह ख़बर 12 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

न्यूजीलैंड के खिलाफ इस पारी से युवराज पर से दबाव हटा : धोनी

खास बातें

  • भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि गंभीर बीमारी से उबरकर वापसी करने के बाद उम्दा प्रदर्शन से युवराज सिंह पर से दबाव हट गया होगा।
चेन्नई:

भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि गंभीर बीमारी से उबरकर वापसी करने के बाद उम्दा प्रदर्शन से युवराज सिंह पर से दबाव हट गया होगा।

युवराज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में 34 रन की आक्रामक पारी खेली। भारत हालांकि एक रन से मैच हार गया।

धोनी ने मैच के बाद कहा, कल से वह वो सब कर सकेगा जो वह करना चाहता है। हर इंसान को उतनी निजता तो देनी चाहिए ताकि वह सोच सके कि उसे क्या करना है। खासकर जब आप 10 महीने बाद खेल रहे हैं और आप उस पर दबाव बना देते हैं, क्योंकि उसे खुद नहीं पता कि वह कैसे खेलेगा? अब उसने अच्छा प्रदर्शन किया है तो वह सब कर सकता है, जो करना चाहता है। धोनी ने कहा कि युवराज ने बल्लेबाजी के अलावा बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से टीम में अच्छा संतुलन बनाया।

उन्होंने कहा, उसके लिए यह बड़ा मैच था। सभी की नजरें उस पर थी। उसे मैदान पर देखकर अच्छा लगा। मेरा मानना है कि उसने टीम को वह संतुलन दिया, जो हमें चाहिए था। उन्होंने कहा, निश्चिततौर पर वह टी-20 मैच में चार ओवर नहीं करेगा, लेकिन मैं उसके वैरिएशन का इस्तेमाल कर सकता हूं। हमें चार विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ पांचवां अनियमित गेंदबाज चाहिए। धोनी ने कहा कि एक खिलाड़ी को ऐसी दिक्कतें आती हैं, लेकिन मैदान पर उतरते ही उसे भूलना अहम होता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, मैदान पर आने के बाद इन बातों पर कोई नहीं सोचता। हम सभी को पता है कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक है और मैं उसके लिए बहुत खुश हूं।