एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को होने वाले भारत और अफगानिस्तान के क्रिकेट क्वार्टरफाइनल पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. नागोया और निशिन इलाके में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने भी मैच के दिन भारी बारिश की आशंका जताई है. ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि अगर मुकाबला बारिश के कारण नहीं हो पाया तो सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा? मौजूदा नियमों के मुताबिक एशियन गेम्स क्रिकेट प्रतियोगिता में रिजर्व डे नहीं है. ऐसे में यदि भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टरफाइनल मुकाबला बारिश के चलते बिना नतीजे के खत्म होता है या एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकती, तो आईसीसी टी20 रैंकिंग में बेहतर स्थान वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा.
यही नियम 2023 एशियन गेम्स में भी लागू था. उस समय भारत और अफगानिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट फाइनल बारिश की वजह से रद्द हो गया था और बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को स्वर्ण पदक दिया गया था.
इस बार भी भारत को नियम का फायदा मिल सकता है. आईसीसी टी20 रैंकिंग में भारत नंबर-1 टीम है, जबकि अफगानिस्तान 10वें स्थान पर मौजूद है. यानी अगर मौसम मैच का पूरा खेल बिगाड़ देता है और मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकलता, तो भारत सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.
मौसम रिपोर्ट के अनुसार मैच के दिन सुबह से शाम तक बारिश की संभावना बनी हुई है. सुबह 9 बजे के आसपास बारिश की संभावना 70 प्रतिशत तक बताई गई है, जबकि दोपहर में भी 40 से 60 प्रतिशत के बीच वर्षा की आशंका जताई गई है. यही वजह है कि क्वार्टरफाइनल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
भारत की अगुआई श्रेयस अय्यर कर रहे हैं और टीम को स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. हालांकि भारतीय फैंस चाहेंगे कि मुकाबला मैदान पर हो और टीम जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंचे, लेकिन अगर बारिश ने खेल बिगाड़ा तो नियम भारत के पक्ष में नजर आते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं