BAN vs PAK 2nd ODI, Dhaka Pitch And Weather Update: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच जारी वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 13 मार्च को ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था. ऐसे में मेजबान टीम दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज में मजबूत बढ़त बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि पाकिस्तान की टीम वापसी करने की कोशिश करेगी.
पहले वनडे में पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई थी. बांग्लादेश के गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम केवल 114 रन पर सिमट गई. टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए. पाकिस्तान की ओर से फहीम अशरफ ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए. वहीं बांग्लादेश की तरफ से नाहिद राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट हासिल किए.
115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 15.1 ओवर में दो विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया. तंजीद हसन तमीम ने 42 गेंदों में 67 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि नजमुल हुसैन शांतो 27 रन बनाकर नाबाद लौटे. इस मुकाबले में पाकिस्तान के गेंदबाज भी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए.
वनडे क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 40 मैच खेले जा चुके हैं. इनमें पाकिस्तान ने 34 मुकाबले जीते हैं, जबकि बांग्लादेश को केवल 6 मैचों में सफलता मिली है. आंकड़ों के लिहाज से पाकिस्तान का पलड़ा अब भी भारी नजर आता है.
ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम की पिच पहले मैच में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रही थी. पिच पर अच्छा उछाल देखने को मिला, जिसका फायदा बांग्लादेश के गेंदबाजों ने अच्छी तरह उठाया. मौसम की बात करें तो मैच के दौरान बारिश की संभावना जताई जा रही है. तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं