- उत्तर भारत के कई इलाकों में गर्मी का प्रकोप है. कई इलाकों में लू आगामी दो सप्ताह तक जारी रह सकती है.
- हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हुई है.
- पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में 2-3 दिनों तक बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट का अनुमान है.
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा से राजस्थान तक तपती गर्मी के बीच मौसम बदलने वाला है.मैदानी इलाकों में आंधी, बारिश तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 12 और 14 से 16 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं और कहीं-कहीं आंधी आने की चेतावनी है. मध्य बारत में 14 और 16 मार्च को और पूर्वी भारत में 15 से 17 मार्च के दौरान बिजली की कड़कड़ाहट, तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने वाला है. दिल्ली और वेस्ट यूपी में भी 15 मार्च को बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
देश में मौसम का मिजाज आजकल लगातार बदल रहा है. मैदानी इलाकों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, वहीं पहाड़ी इलाकों में बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई इलाकों में लू के हालात देखने को मिल रहे हैं. साथ ही आईएमडी का अनुमान है कि आगामी दो हफ्तों तक तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी दर्ज की गई है. वहीं राजस्थान के कुछ इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते आगामी दो-तीन दिनों तक बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट का अनुमान जताया गया है.
IMD के मुताबिक, उत्तर भारत के कई इलाकों में लू से लेकर भीषण लू जैसी स्थितियां देखने को मिल रही हैं. हिमाचल प्रदेश में 7 से 11 मार्च के बीच अलग‑अलग इलाकों में हीटवेव और सीवियर हीटवेव की स्थिति रही. वहीं गुजरात के सौराष्ट्र‑कच्छ और गुजरात रीजन में 10 और 11 मार्च को तेज गर्मी दर्ज की गई. कोकण क्षेत्र में भी 11 मार्च को लू का असर देखा गया.
ये भी पढ़ें: इस साल बढ़ेगा गर्मी का कहर, हीटवेव से बचने के लिए अपना सकते हैं ये टिप्स

Photo Credit: PTI
यहां पर जारी रहेगी लू तो बारिश का भी अनुमान
- गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में आज भी लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है, उसके बाद ही मौसम में सुधार होगा.
- उप-हिमालची पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज और कल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 और 17 मार्च को और अरुणाचल प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
- पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 14 से 16 मार्च के दौरान और उससे सटे इलाकों में 15 और 16 मार्च को छिटपुट गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
- मध्य भारत में 14 और 16 मार्च को और पूर्वी भारत में 15 से 17 मार्च के दौरान छिटपुट गरज, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: आने वाली है भयानक गर्मी, आ गई मौसम वैज्ञानिकों की सबसे बड़ी चेतावनी
राजस्थान में बादल छाए रहने और बारिश का अनुमान
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में आगामी दो-तीन दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी है. इसके अनुसार राज्य में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी 2-3 दिन आंशिक बादल छाए रहने और तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है.
वहीं, 14-15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के साथ-साथ गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के साथ ही आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है.
विभाग के मुताबिक, इसी तरह एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 19-21 मार्च के दौरान सक्रिय होने और कहीं-कहीं आंधी चलने और बारिश होने का अनुमान है.

Photo Credit: PTI
एक ही राज्य, लेकिन अलग-अलग देखने को मिला मौसम
हिमाचल प्रदेश में मौसम का अलग-अलग मिजाजाा देखने को मिल रहा है, जहां पर लाहौल और स्पीति के ऊंचे इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी देखने तो निचले पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हुई. वहीं मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहा, सुंदरनगर और सोलन में गर्मी का प्रकोप देखा गया.
हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचे इलाकों में गुरुवार को बर्फबारी हुई, जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हुई. जिस्पा, दारचा और शिंकुला में बर्फबारी हुई, वहीं हंसा में 2.5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई. इस बीच, शिमला मौसम विभाग के अनुसार, भरमौर में 12 मिमी, गोंडला में 6.2 मिमी, केलांग में चार मिमी, भुंतर और धर्मशाला में दो मिमी, कुकुमसेरी और कांगड़ा में 1.3 मिमी, जोत में एक मिमी और कल्पा में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.
पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण ऐसा रहेगा मौसम
- उत्तर पश्चिमी भारत: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज और कल कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान है. 15 से 18 मार्च के बीच भी बारिश या बर्फबारी हो सकती है. वहीं उत्तराखंड में आज और कल कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना है. साथ ही 15 और 16 मार्च को भी ऐसी ही स्थिति बन सकती है. साथ ही 15 और 16 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 14 से 16 मार्च के दौरान उत्तराखंड में गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
- पूर्वोत्तर भारत: पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में आज से 18 मार्च के दौरान गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 15 मार्च तक और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आज से 15 मार्च के दौरान अरुणाचल के अलग-अलग स्थानों में भारी बारिश या बर्फबारी का अनुमान है. वहीं आज भारी से बहुत भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है.
- पूर्वी और मध्य भारत: विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आज से 16 मार्च के दौरान, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 मार्च और पूर्वी मध्य प्रदेश में 15 और 16 मार्च को, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज से 16 मार्च के दौरान, गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल और बिहार में 15-17 मार्च के दौरान, झारखंड में 15-18 मार्च, ओडिशा में 15-16 मार्च को गरज, बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है.
- पश्चिमी भारत: 14 से 17 मार्च के दौरान महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
आज और कल दिल्ली में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है. इसके साथ ही 15 मार्च को भी बादल छाए रहने का अनुमान है. आईएमडी का अनुमान है कि दिल्ली में 15 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं