कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को चोट लगने के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा. यह घटना भारतीय पारी के 58वें ओवर में हुई, जब लाहिरू कुमारा की एक गेंद पंत की कलाई पर लगी. पंत ने शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके ग्लव (दस्ताने) से लग गई. भारतीय बल्लेबाज को तुरंत ही तकलीफ महसूस हुई और काफी देर तक चले ब्रेक के दौरान फिजियो ने सूजन रोकने के लिए उनकी कलाई पर आइस पैक लगाया, लेकिन आखिरकार पंत को चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा और रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए आए.
काफी देर तक जांच और इलाज के बाद, पंत की कलाई पर थोड़ी देर के लिए टेप लगाया गया और फिर उसे तुरंत हटा दिया गया. लेकिन मैच अंपायरों से बातचीत के बाद और दर्द कम न होने पर, पंत को 15 गेंदों में तीन रन बनाने के बाद मैदान से बाहर जाना पड़ा.
क्या दोबारा बल्लेबाजी के लिए आएंगे पंत?
चोटिल पंत की जगह छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए सीनियर बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा आए और मैदान पर अर्धशतक जड़ चुके देवदत्त पडिक्कल के साथ जुड़ गए. पंत की चोट कितनी गंभीर है और क्या वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए आएंगे, इस बारे में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है.
Rishabh Pant walks off after sustaining a wrist injury. 💔
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) August 23, 2026
Hoping he comes back strong, just like the last time. IYKYK 😮💨 pic.twitter.com/NcTOuOer60
मैदान से बाहर जाने के बाद, पंत डगआउट में बैठे और टीम डॉक्टर चार्ल्स मिंज़ ने उनकी चोट की जांच की. जुरेल भी उनकी चोटिल बाएं हाथ की कलाई को देख रहे थे. पिछले साल, मैनचेस्टर टेस्ट में क्रिस वोक्स की गेंद पर दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने के कारण पंत को चोट के चलते मैदान से बाहर जाना पड़ा था, लेकिन बाद में उन्होंने वापसी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया था.
मैच की बात करें तो खबर लिखे जाने तक पहले दिन भारत ने 67 ओवर में 3 विकेट पर 235 रन बनाकर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली है. कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतक (50) जड़ा, जबकि देवदत्त पडिक्कल 87 रन बनाकर शतक के करीब पहुंच चुके हैं. रविंद्र जडेजा 19 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं. फिलहाल भारत बड़े स्कोर की ओर बढ़ता दिख रहा है और उसके हाथ में अभी 7 विकेट बाकी हैं.
ये भी पढ़ें- मैच से पहले क्या खाते हैं क्रिकेटर? टॉस होते ही बदल जाती है डाइट! शेफ ने किया बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं