Ricky Ponting on Pakistan head coach: पाकिस्तान के हेड कोच जेसन गिलेस्पी (Jason Gillespie) को लेकर रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) ने एक खास बयान दिया है जिसने पाकिस्तान क्रिकेट में खलबली मचा दी है. पोंटिंग ने जेसन गिलेस्पी की तुलना गौतम गंभीर से की है. बता दें कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज को अप्रैल में पीसीबी ने रेड-बॉल कोच के रूप में नियुक्त किया था. गिलेस्पी को पाकिस्तान के टेस्ट टीम का कोच बनाया गया है.वहीं, साउथ अफ्रीकी पूर्व बल्लेबाज गैरी कर्स्टन ने व्हाइट-बॉल प्रारूप में पाकिस्तान का कोच बनाया गया है. पोंटिंग ने आईसीसी से बात करते हुए कहा कि "पाकिस्तान के कोच गिलेस्पी और भारत के गौतम गंभीर में बहुत कुछ समान है. गिलेस्पी कुछ हद तक गंभीर जैसे हैं. वे जहां भी रहे हैं, उनका कोचिंग रिकॉर्ड बहुत अच्छा रहा है. मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि उनके सामने कुछ चुनौतियां होंगी, लेकिन वे एक विचारक रहे हैं और जैसा कि मैंने कहा, एक शांत व्यक्ति हैं जो अपने तरीके से काम करते है." गिलेस्पी को पीसीबी ने राष्ट्रीय टीम के लिए दो साल के अनुबंध किया है.
पोंटिंग ने आगे कहा कि, " पिछले कुछ सालों में हमारे पास कुछ व्हाट्सएप ग्रुप हैं, उस ग्रुप में हम सभी पुराने लोग हैं जो एक साथ खेल चुके हैं. इसलिए सभी ने उन्हें बधाई दी और उस भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं."
पाकिस्तान की टीम को लेकर पोंटिंग ने अपनी राय रखी और कहा, "देखिए, ईमानदारी से कहूं तो मैं उस ग्रुप में हुए बदलावों से बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं.. मुझे पता है कि यह एक अलग प्रारूप है, लेकिन उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में बहुत निराशाजनक प्रदर्शन किया. यदि आप कुछ बदलाव करने को तैयार नहीं हैं, तो आप अपने लिए भी इसी तरह के परिणाम की उम्मीद करते हैं. पोंटिंग को उम्मीद है कि गिलेस्पी के आने से पाकिस्तान क्रिकेट में काफी बदलाव आएगा. "
बता दें कि पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलने वाली है. पहला टेस्ट मैच 21 अगस्त से खेला जाएगा. यह सीरीज पाकिस्तान के लिए काफी अहम है. टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से पाकिस्तान टीम में काफी बदलाव हुए हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इस बार पाकिस्तान की टीम शान मसूद की कप्तानी में कैसा परफॉर्मेंस करेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं