केरल के मलप्पुरम जिले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ है. आरोप है कि जब शशि थरूर वंडूर में विधानसभा चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी तिरुवल्ली चेल्लीथोडु ब्रिज के पास उनके काफिले को रोक दिया गया.
शिकायत के मुताबिक, इस दौरान शशि थरूर के गनमैन के साथ मारपीट की गई. गनमैन की शिकायत के आधार पर वंडूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों को जब्त किया गया है. इस मामले में कलिकावु निवासी उम्मरा के खिलाफ गैर‑जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
थरूर के काफिले पर हमला
थरूर की टीम के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब वे दो वाहनों के काफिले में यात्रा कर रहे थे. शशि थरूर पहले वाहन में सवार थे. तभी अचानक दो कारों में आए करीब आठ लोगों ने सड़क पर काफिले को जबरन रोक लिया. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी को आगे बढ़ने से रोका और वाहन के शीशों पर जोर‑जोर से हाथ मारने लगे.
यह भी पढ़ें- Fishing के दौरान युवक के गले में फंसी मछली, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम; बरतें ये सावधानियां
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह घटना पूर्व नियोजित हमला थी या किसी सड़क विवाद का नतीजा.
गौरतलब है कि शशि थरूर यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे. बता दें कि केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि मतगणना और नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. राज्य में इस बार मुकाबला एलडीएफ, यूडीएफ और भाजपा‑नीत एनडीए के बीच त्रिकोणीय माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के झाबुआ प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव, 49 लोग अस्पताल में भर्ती
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है तथा विपक्ष ने चुनावी हिंसा पर सवाल खड़े किए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं