वाशि का छक्का और गुजरात ने दर्ज की छठी जीत. वो भी टेबल टॉपर पंजाब को हराकर. ये बदला है. पंजाब के हाथों पिछली हार का बदला. अहमदाबाद में पूर्व चैंपियन गुजरात और टेबल टॉपर पंजाब के मैच का रोमांच आख़िर तक बढ़ता ही गया. आख़िरी ओवर में गुजरात को 11 रनों की ज़रूरत थी. एक बार फिर एक बिहारी (गोपालगंज, सिओनि के) 28 साल के बांये हाथ के बॉलर-बैटर अरशद ख़ान ने अपना दम दिखाया. अरशद ने मार्कस स्टोइनिस को चौका भी जड़ा और वाशिंगटन सुंदर के साथ गुजरात को मुकम्मल जीत दिला दी.
करीब हफ़्ते भर पहले राजस्थान ने पंजाब को चंडीगढ़ में 6 विकेट से हरा दिया. तो, अब गुजरात ने पंजाब 4 विकेट से हराकर ना सिर्फ़ खुद को प्ले ऑफ़ की रेस में मज़बूत किया, बल्कि टेबल टॉपर पंजाब की आगे की राह भी मुश्किल कर दी. इससे पहले पंजाब ने 8 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में लगातार धमाके ज़रूर किये. मगर आईपीएल में अब बदला लेने की बारी है. पंजाब की टीम को अगला मैच भी हैदराबाद में हैदराबाद के खिलाफ़ खेलना है. यानी पंजाब को अब विपक्षी मैदान पर नई चुनौतियों का कई बार सामना करना है. कुछ मैच धर्मशाला की फ़ास्ट मानी जानवाली पिच पर भी खेलने हैं जो बिल्कुल पंजाब को ही फ़ायदा पहुंचायेंगे, ऐसा यकीन के साथ नहीं कहा जा सकता.
पावरहिटर ओपनर्स दिलायेंगे जीत?
STAR SPORTS पर कॉमेन्ट्री के दौरान पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और मशहूर कॉमेन्टेटर आकाश चोपड़ा बताते हैं, “इस टूर्नामेंट में 80% मैच उस टीम ने जीता है जिसने पावरप्ले को जीता है, इस टूर्नामेंट की अबतक की कहानी रही है.” गुजरात के ख़िलाफ़ पंजाब की टीम पावरप्ले में गुजरात ने 1 विकेट खोकर 58 रन बनाये जबकि पंजाब ने 3 विकेट खोकर 35 रन बनाये थे. तो पावरप्ले में जीत का ट्रेंड इस मैच में भी जारी रहा. पंजाब के पावरहिटर ओपनर्स शानदार हैं. लेकिन उनकी आगे की मुश्किलों की अलग-अलग वजहें हैं.
इसमें कोई शक नहीं कि पंजाब के धमाकेदार ओपनर्स प्रियांश आर्या (8 मैच, 248 स्ट्राइक रेट, 285 रन) और प्रभसिमरन सिंह (9 मैच, 175 स्ट्राइक रेट, 361 रन) के साथ बिल्कुल शोले के जय-वीरू की जोड़ी नज़र आती है. प्रियांश स्ट्राइक रेट के लिहाज़ से टॉप पर हैं तो प्रभसिमरन टॉप 20 में. इसलिए पावरप्ले में प्रदर्शन पंजाब की ताक़त है.
तो फिर, मुश्किलें क्या हैं?
गेंदबाज़ों की इकॉनमी बनी बड़ी मुश्किल, टॉप 10 में पंजाब का एक भी गेंदबाज़ नहीं
अबतक के आईपीएल के सफ़र को देखें तो 10 से ज़्यादा ओवर डालनेवाले गेंदबाज़ों की लिस्ट में पंजाब का कोई गेंदबाज़ टॉप 10 में भी जगह नहीं बनाता नज़र आता है. पंजाब के अर्शदीप सिंह 10 विकेट और 10.4 की इकॉनमी के साथ 13वें नंबर पर, विजय कुमार व्यशक 10.4 की इकॉनमी और 8 विकेट साथ 23वें नंबर पर, मार्को यानसन 6 विकेट और 9.2 की इक़नमी के साथ 36वें नंबर पर और ज़ेवियर बार्टलेट 11.3 की इकॉनमी और 5 विकेट के साथ 46वें नंबर पर हैं. अबतक पंजाब के बैटर्स धमाका करते हुए अपने गेंदबाज़ों के खर्चीले होने पर पर्दा डालते रहे. मगर अब गेंदबाज़ों के लिए असली इम्तिहान में चमकने का वक्त आ गया है.
आगे क्या हो सकती है मुश्किलें?
पंजाब को अब लीग के तीन मैच धर्माशाला में एक हैदराबाद और एक लखनऊ में खेलने हैं. हैदराबाद में घरेलू टीम के ख़िलाफ़ पंजाब के लिए एक अलग चुनौती होगी. जबकि, लखनऊ आख़िरी मैच में अपने घर पर आन की लड़ाई लड़ेगा पंजाब को धर्शाला की फ़ास्ट पिच पर दिल्ली के ख़िलाफ़ मिचेल स्टार्क, मुंबई के ख़िलाफ़ जसप्रीत बुमराह और बैंगलोर के ख़िलाफ़ जश हेज़लवुड के ख़िलाफ़ मैच जीतने हैं. पिछले साल की फ़ाइनलिस्ट पंजाब की टीम दमदार तो है, लेकिन आगे की चुनौतियां इसके असली दमख़म का इम्तिहान लेंगी.
पंजाब के आगे के लीग मैच
6 मई को हैदराबाद में हैदराबाद से टक्कर
11 मई धर्मशाला में दिल्ली से टक्कर
14 मई धर्मशाला में मुंबई से टक्कर
17 मई धर्मशाला में बैंगलोर से टक्कर
23 मई लखनऊ में लखनऊ से टक्कर
यह भी पढ़ें- GT vs PBKS, IPL 2026: सुदर्शन ने छक्का लगाकर गुजरात को दिलाई जीत, पंजाब को सीजन की मिली दूसरी हार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं