विज्ञापन

बाबर और शाहीन की घरेलू क्रिकेट में वापसी से खुश हैं फैंस, लेकिन पूर्व दिग्गज ने क्यों बजाई खतरे की घंटी?

बाबर आजम समेत पाकिस्तान के कई इंटरनेशनल खिलाड़ी घरेलू टीमों के लिए खेलने को तैयार हैं. बाबर आजम 2019 के बाद पहली बार घरेलू फर्स्ट-क्लास मैच में खेलते नजर आएंगे.

बाबर और शाहीन की घरेलू क्रिकेट में वापसी से खुश हैं फैंस, लेकिन पूर्व दिग्गज ने क्यों बजाई खतरे की घंटी?
बाबर आजम
IANS

इंग्लैंड दौरे के बीच में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने सात खिलाड़ियों को अचानक हटाकर एक चौंकाने वाला फैसला लिया था. इसका असर ये हुआ कि अब अन्य बड़े क्रिकेटर्स भी डर का साये में हैं और कई इंटरनेशनल खिलाड़ी घरेलू टीमों के लिए खेलने को तैयार हैं. बाबर आजम 2019 के बाद पहली बार घरेलू फर्स्ट-क्लास मैच में खेलते नजर आएंगे. वह 18 सितंबर से शुरू हो रही प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 टूर्नामेंट में किंग्समेन एकेडमी के खिलाफ ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले हैं, जोकि फैंस के लिए अच्छी खबर है.

इंग्लैंड के खराब दौरे के बाद घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में खेलने वाले बाबर अकेले सेंट्रली कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ी नहीं हैं. तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ जैसे अन्य खिलाड़ी, जो शायद ही कभी घर पर फ़र्स्ट-क्लास मैच खेलते हैं, पहले ही प्रेसिडेंट्स ट्रॉफ़ी में अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके हैं. पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी अहमद शहज़ाद ने इस कदम का स्वागत किया, लेकिन साथ ही सावधानी भी बरती.

खिलाड़ियों के लिए सही माहौल भी जरूरी

जियो न्यूज के साथ बातचीत में शहजाद ने कहा, 'इसमें कोई शक नहीं कि पाकिस्तान के इंटरनेशनल खिलाड़ियों का घरेलू क्रिकेट खेलना बहुत अच्छी बात है. लेकिन आपको उन खिलाड़ियों के लिए सही माहौल भी बनाना होगा.' 'ये ऐसी चीजें हैं जिन पर हमने लंबे समय से काम नहीं किया है. कुछ चीज़ें तो बस मीडिया में कुछ दिखाने के लिए की जा रही हैं.'

तेज पिचों पर संघर्ष करती है पाकिस्तान टीम

उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान के बल्लेबाज ऐसी पिचों पर संघर्ष करते हैं जहां तेज गति और लेटरल मूवमेंट (गेंद का हवा में या पिच पर पड़ने के बाद मुड़ना) मिलता है, जो शायद पाकिस्तान में हर जगह उपलब्ध न हो. उन्होंने कहा, 'सबसे पहले आपको यह देखना होगा कि आपकी नेशनल टीम कहां संघर्ष कर रही है. पाकिस्तान थोड़ी तेज पिचों पर संघर्ष करता है जहां थोड़ा लेटरल मूवमेंट होता है. वहीं उनकी तकनीक की असलियत सामने आती है.'

गेंदबाजों के लिए पिच तैयार करने की सलाह

उन्होंने आगे कहा कि, 'इसलिए आपको ऐसी पिचें तैयार करनी चाहिए जो गेंदबाजों को कुछ मदद दें. तब आपके बल्लेबाज सीखेंगे कि उन हालात का सामना कैसे करना है और उनमें कैसे खेलना है. उन्हें इस स्तर पर गलतियां करने दें और यहीं उन पर काम करने दें, क्योंकि यहां दबाव कम होता है.'दुर्भाग्य से, हमारे घरेलू कोच उस स्तर के नहीं हैं जो हमारे क्रिकेटरों और युवाओं को तैयार कर सकें, ताकि जब वे इंटरनेशनल क्रिकेट में पहुंचें, तो वे सिर्फ मुकाबला ही न करें, बल्कि पाकिस्तान के लिए मैच जीतने में भी सक्षम हों.' 'आप घरेलू क्रिकेट में जितनी ज़्यादा गलतियां करते रहेंगे, पाकिस्तान टीम उतनी ही नीचे गिरती जाएगी.'

ये भी पढ़ें-  'जाओ नोटिस का जवाब दो,' मोहम्मद रिजवान को हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, अब PCB के हाथ में भविष्य

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Mohammad Babar Azam, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com