मॉडर्न क्रिकेट में आक्रामक बैटिंग आम बात हो गई है. अब सभी फॉर्मेट में अक्सर देखने को मिलता है कि जब बल्लेबाज तेजी से रन बटोरते हैं. अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, ट्रेविस हेड और इस लिस्ट में हाल ही में शामिल हुए वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी, पहली ही बॉल से गेंदबाद पर हमला बोलने के लिए अपनी पहचान बना चुके हैं. सिर्फ़ 15 साल के सूर्यवंशी, जो पहले ही इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं, IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए सिर्फ़ 35 गेंदों में शतक जड़कर मशहूर हुए थे. लेकिन यह ध्यान देने वाली बात है कि क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी कोई नई बात नहीं है. वास्तव में, जब असाधारण स्ट्राइक रेट से रन बनाने की बात आती है तो महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज सर डोनाल्ड ब्रैडमैन का भी नाम आता है और वो अभी भी सूची में टॉप पर मिलते हैं.
जब 3 ओवर में ठोका था शतक
डॉन ब्रैडमैन क्रिकेट के सर्वकालिक महान बल्लेबाज माने जाते हैं. शायद ही कभी किसी व्यक्ति ने अपने खेल में इतना दबदबा बनाया हो, जितना ब्रैडमैन ने बनाया था. लेकिन उनके आलोचक भी थे, जो यह तर्क देते हैं कि वह एक ऐसे बल्लेबाज थे जो जोखिम नहीं उठाते थे. लेकिन जब भी समय ने मांग की थी, ब्रैडमैन खुलकर आक्रमण कर सकते थे और गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा सकते थे.
सोमवार, 2 नवंबर, 1931 भी एक ऐसी ही तारीख है, जब डॉन ब्रैडमैन और न्यू साउथ वेल्स टीम के उनके साथी वेंडेल बिल ब्लैकहीथ XI की तरफ से खेलने आए थे. यह ब्लैकहीथ में पहला मैच था और मुकाबला लिथगो के खिलाफ था. इस मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक आए थे. लेकिन जिस तरह से ब्रैडमैन ने बैटिंग की, उसे गेंदबाजों पर क्रूरत कहना गलत नहीं होगा.
तब 8 गेंद का ओवर होता था और महान बल्लेबाज ने इस दौरान सिर्फ 3 ओवर में ही शतक ठोक दिया था. इस बात का कोई रिकॉर्ड नहीं है कि ब्रैडमैन को यह शतक लगाने में कितना टाइम लगा था, लेकिन ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रैडमैन को अनुमानित 18 मिनट लगे होंगे.
ब्रैडमैन ने पहला ओवर फेंकने आए ब्लैक के पहले ओवर में 33 रन बटोरे- 6,6,4,2,4,4,6,1. इसके बाद दूसरे ओवर फेंकने होरी बेकर आए थे और इसमें इस दिग्गज ने 40 रन कूटे- 6,4,4,6,6,4,6,4 जबकि तीसरे ओवर में ब्लैक फिर आए थे और इसमें 27 रन बटोरे- 1,6,6,1,1,4,4,6. तीसरे ओवर में पहली और पांचवीं गेंद पर वेंडेल बिल ने सिंगल लिया था. ब्रैडमैन अंततः 256 रन पर आउट हुए. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 14 छक्के और 29 चौके लगाए थे.
ब्रैडमैन ने सालों बाद कहा,"मुझे लगता है कि इस बात पर ज़ोर देना ज़रूरी है कि यह चीज़ योजनाबद्ध नहीं थी." "यह पूरी तरह से एक्सिडेंट था और हर कोई इसके नतीजे से आश्चर्यचकित था, लेकिन मेरे से ज्यादा कोई नहीं था. वेंडेल बिल मेरे सबसे पक्के दोस्तों में से एक बन गए, और बाद के सालों में उन्होंने कहा कि उन तीन ओवरों में उनके द्वारा बनाए गए दो सिंगल्स से उन्हें अपने जीवन में किसी भी चीज़ की तुलना में अधिक बदनामी मिली."
यह भी पढ़ें: अरशद नदीम ही नहीं, कॉमनवेल्थ में पूरा पाकिस्तान दल हुआ टांय-टांय फिस्स, जाने भारत के मुकाबले क्या रहा हाल
यह भी पढ़ें: राहुल द्रविड़ या गौतम गंभीर नहीं मोहम्मद शमी ने इन्हें बताया अपने फेवरेट कोच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं