Virat Kohli smashed 21 runs in Kagiso Rabada's opening over: आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल के इतिहास में एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. कोहली आरसीबी की तरफ से एक ओवर में सर्वाधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से 'नंबर-1' बन गए हैं. विराट कोहली ने गुरुवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ मुकाबले के दूसरे ओवर में पांच चौके लगाए। उन्होंने कगिसो रबाडा के खिलाफ ओवर की शुरुआती 5 गेंदों पर ऐसा किया, जिसके साथ कोहली ने क्रिस गेल और शेन वॉटसन की बराबरी कर ली. क्रिस गेल ने साल 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ ईश्वर पांडे के एक ही ओवर में 5 चौके लगाए थे, जबकि शेन वॉटसन ने साल 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के विरुद्ध थिसारा परेरा के खिलाफ ऐसा किया था.
इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे कोहली ने गुरुवार को जीटी के खिलाफ 13 गेंदों का सामना करते हुए 28 रन बनाए. इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल थे. आईपीएल 2026 की 9 पारियों में विराट कोहली 54.14 की औसत के साथ 379 रन बना चुके हैं.इनमें 3 अर्धशतक शामिल हैं.कोहली ने इस सीजन 69*, 28, 32, 50, 49, 19, 81, 23* और 28 रन की पारियां खेली हैं.
रबाडा के खिलाफ 5 चौके और फिर हुए आउट
एक बेहतरीन गेंदबाज की निशानी क्या होती है. इसका उदाहरण रबाडा ने दिया. अपने दूसरे ओवर में रबाडा ने कोहली को आउट कर अपना बदला ले लिया. स्टंप की लाइन में बैक ऑफ लेंथ गेंद पर कोहली ने पुल करने की कोशिश की, गेंद में ज्यादा उछाल थी. जिसके कारण कोहली गेंद को अच्छी तरह से मार नहीं सके, गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगी और हवा में गई, शॉर्ट मिड विकेट पर राशिद खान ने एक शानदार कैच लेकर कोहली की पारी का अंत कर लिया. विराट कोहली 28 रन बनाकर आउट हुए. कोहली जब आउट हुए तो उनके चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी. कोहली गुस्से में नजर आए और खुद पर गुस्सा होते हुए मैदान के बाहर गए.
Virat Kohli batting like 🌊#IPL pic.twitter.com/DZKRKcyuV6
— Aussies Army🏏🦘 (@AussiesArmy) April 30, 2026
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अगर गुजरात टाइटंस के खिलाफ यह मैच जीत लेती है, तो आरसीबी 14 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर होगी. इस टीम ने अब तक 8 में से 6 मैच जीते हैं. शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, अरशद खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और मानव सुथार के साथ मुकाबले में उतरी है.
वहीं, रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और जोश हेजलवुड के साथ यह मैच खेल रही है.
ये भी पढ़ें- GT vs RCB: विराट कोहली का टी-20 में तहलका, World Record बनाकर मचाई खलबली, ऐसा करने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं