हाल ही में समाप्त हुआ इंग्लैंड दौरा पाकिस्तान के लिए किसी भयावह सपने से कम नहीं रहा. ग्रीन टीम ने यहां मेजबान टीम के साथ कुल तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली. जहां उन्हें सभी मुकाबलों में बुरी तरह से शिकस्त का सामना करना पड़ा. जिसके बाद पाक टीम की चारों तरफ किरकिरी हो रही है. हाल यह है कि लोग पिछले 50 सालों में इंग्लैंड का दौरा करने वाली सबसे खराब टीम का दर्जा दे रहे हैं. जारी उठापटक के बीच अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने भी अपनी टीम की आलोचना करनी शुरू कर दी है. टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम का कहना है कि मुझे इस गिरावट का अंदेशा पहले से था. एएफपी के साथ हुई बातचीत के दौरान अकरम ने कहा, 'यह बेहद निराशाजनक स्थिति है. मगर पिछले पांच सालों से मैं इस दिन को आते हुए देख रहा था. मौजूदा हाल के लिए किसी एक व्यक्ति या एक कारण को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है. समस्याएं अनेक हैं.'
उन्होंने कहा, 'हमें यह स्वीकार करना होगा कि टेस्ट क्रिकेट में हमारे पास प्रतिभा की कमी है. व्हाइट-बॉल टीम ठीक ठाक है. सिर्फ पीसीबी अध्यक्ष को दोष देना काफी आसान है. जब हम व्यवस्था की मूल खामियों को नजरअंदाज करते रहे, तो ऐसी गिरावट आनी स्वाभाविक है.'
वहीं शाहिद अफरीदी ने मौजूदा हालात को निराशाजनक करार दिया है. उनका कहना है, 'पाकिस्तान क्रिकेट के लिए यह बहुत बुरा दौर है. खिलाड़ियों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए. हमारी व्यवस्था मजबूत नहीं है.'
पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर मुश्ताक अहमद ने मौजूदा गिरावट के लिए खराब योजना को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा, 'हमारे पास पहले कई मैच विनर खिलाड़ी और मजबूत विरासत थी. इसलिए हम मैच का परिणाम हासिल कर पाते थे. अब गिरावट बहुत तेज है और इसे सुधारने में समय लगेगा.'
पूर्व क्रिकेटर ही नहीं पाकिस्तान के फैंस भी ग्रीन टीम के मौजूदा स्थिति से नाराज हैं. बैंकर मोहम्मद अफजल का कहना है, 'मैं और मेरे चारों बेटे स्थानीय क्रिकेट अकादमी में खेलते थे, लेकिन पिछले दो वर्षों में टीम के खराब प्रदर्शन की वजह से हमारा उत्साह खत्म हो गया है.'
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान में क्रिकेट काफी तेजी से अपनी लोकप्रियता खो रहा है. इसकी पुरानी शान लौटाने के लिए मजबूत कदम उठाने होंगे.'
यह भी पढ़ें- 'मोदी जी को मेरा सलाम', पीएम मोदी के साथ पुतिन-शी को देख गदगद हुए रवि शास्त्री, ठोकी तारीफों की सेंचुरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं