टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' का सीजन 2 जल्द शुरू होने वाला है और इस बार शो को सहवाग होस्ट करते नजर आएंगे, जबकि पहले सीजन में अश्नीर ग्रोवर होस्ट थे. सहवाग इस सीरीज में डॉक्टर, न्यूटन और यमराज समेत अलग-अलग मजेदार रोल में फैंस का मनोरंजन करने के लिए तैयार है.
सहवाग ने इस बीच अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ नई तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह यमराज के अवतार में नजर आ रहे हैं. सहवाग का यह रूप सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई और पोस्ट पर मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई. उन्होंने अपने इस नए अवतार की तीन अलग-अलग दिलचस्प तस्वीरें शेयर की हैं. तस्वीरों में वह यमराज की वेशभूषा में नजर आ रहे हैं.
'लाइफ का स्कोरकार्ड चेक करने निकला हूं'
इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, 'डेथ ओवर? बैटिंग नहीं, सीधा लाइफ का स्कोरकार्ड चेक करने निकला हूं,' सहवाग के इस मजेदार अंदाज ने फैंस को उनके क्रिकेट के दिनों की भी याद दिला दी, जब उनकी आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाज परेशान नजर आते थे. इस खास मौके पर उनके पूर्व साथी खिलाड़ी युवराज सिंह भी पीछे नहीं रहे. युवराज ने कमेंट में हंसी का इमोजी शेयर किया.
सहवाग के लुक पर फैंस ने जमकर लिए मजे
इस पोस्ट पर यूजर्स ने भी मजेदार कमेंट किए. कई फैंस ने सहवाग के इस लुक को उनके मैदान पर गेंदबाजों के खिलाफ दबदबे से जोड़ दिया. अमित मेहता नाम के एक यूजर ने लिखा, 'गेंदबाजों के यमराज', जबकि रिशि कुमार ने कहा, 'बॉलर के लिए तो आप यमराज ही थे सर.' वहीं चौधरी संजीत ने सीधा सहवाग के इरादे के ही बारे में पूछ लिया.
जबकि क्रैकमैन नाम के यूजर ने कहा, 'लगता है पाजी अब सिनेमा करेंगे और यमराज का रॉल निभाएंगे.' सहवाग के लुक पर कुछ यूजर्स ने उनके पुराने क्रिकेट रिकॉर्ड और यादगार पारियों को भी कमेंट्स में याद किया. वहीं कुछ फैंस ने सहवाग के इस नए रूप को देखकर हैरानी जताई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं