विज्ञापन

विराट, वैभव, धोनी, बुमराह या युज़ी- आपके लिए कौन-सी रही IPL 2025 की सबसे यादगार तस्वीर?

IPL 2026: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले जानते हैं 2025 आईपीएल के ऐसे फेवरेट मोेमेंट के बारे में जिसने फैन्स को चौंका कर रख दिया था. 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए सबसे कम उम्र में (35 गेंद, गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़) शतक लगाकर सबको हैरान कर दिया

विराट, वैभव, धोनी, बुमराह या युज़ी- आपके लिए कौन-सी रही IPL 2025 की सबसे यादगार तस्वीर?
Memorable moment in IPL 2025

IPL 2026:  फिर से सितारे सुर्ख़ियों में हैं. चार दिनों बाद फिर से IPL का महामेला विराट कोहली, एमएस धोनी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे सितारों की धमक से रौनक होगा. सिर्फ़ चार दिनों बाद शुरू होनेवाले IPL 2026 के 19वें संस्करण से पहले ये तस्वीरें एकबार फिर पिछले साल के महाकुंभ की यादें ताज़ा करने लगी हैं. वैसे तो पिछले सीज़न भी 10 टीमों के बीच 84 मैचों की कई तस्वीरें टीम के फ़ैन्स को गुदगुदाती रहीं हैं. लेकिन दुनिया की सबसे अमीर और ग्लैमरस क्रिकेट लीग की कौन-सी कम-से-कम पांच तस्वीरें आपके ज़ेहन में हमेशा के लिए बस गई हैं.     

18 साल बाद किंग कोहली ने उठाई ट्रॉफ़ी
वर्ल्ड कप विजेता कोहली और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर- RCB के कट्टर फ़ैन्स 18 साल अपनी टीम के ट्रॉफ़ी उठाने का इंतज़ार करते रहे. पिछले साल आख़िरकार विराट कोहली और उनकी टीम ने IPL की ट्रॉफ़ी जीतकर अपनी टीम के फ़ैन्स को शानदार तोहफ़ा दिया. बैंगलोर के फ़ैन्स ने हंसते, रोते, चीखते, चिल्लाते जश्न मनाकर इस जीत के हमेशा के लिए यादगार बना दिया. एक बड़ा हादसा भी हो गया. बैंगलोर के फ़ैन्स एक बार फिर अपनी टीम से दुबारा ट्रॉफ़ी उठाने की उम्मीद करेंगे. 

सबसे युवा शतकवीर का वैभवशाली छक्का
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए सबसे कम उम्र में (35 गेंद, गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़) शतक लगाकर सबको हैरान कर दिया. बड़ी बात ये है कि वैभव सूर्यवंशी ने IPL में आते ही अपने करियर की पहली ही गेंद पर छक्का (लखनऊ के ख़िलाफ़) लगाकर महफ़िल लूट ली थी. उन्होंने IPL 2025 की सबसे तेज़ हाफ़ सेंचुरी भी लगाई. हाल ही में वर्ल्ड चैंपियन संजू सैमसन ने एक कहानी भी साझा की कि कैसे उन्होंने मैच में उतरने से पहले कोच और मेंटॉर राहुल द्रविड़ से अपने प्लान को लेकर कहा था, “कुछ नहीं सर.. गेंद आएगी तो उड़ा देंगे!”

युज़ी की हैट्रिक
टीम इंडिया के बेहद हुनरमंद लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल पिछले साल आईपीएल के अलावा ज़्यादातर सोशल मीडिया पर रील्स के ज़रिये छाये रहे. लेकिन IPL में चहल ने पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हैट्रिक ली, जो उनके करियर का सबसे बड़ा पल साबित हुआ. चहल ने 329 टी-20 मैचों में 384 और 80 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में 96 विकेट अपने नाम किये हैं. हैट्रिक के बाद अपने सिग्नेर स्टाइल में युज़ी का मैदान पर लेटते हुए आसन लगाना फ़ैन्स के लिए यादगार लम्हा बन गया है.   

जसप्रीत बुमराह के यॉर्कर
जीनियस जसप्रीत बुमराह कोई मैच और टूर्नामेंट खेलें और उसमें कुछ जादू जैसा नहीं हो तो वो वाकया फीका पड़ सकता है. वैसे ऐसा होता बहुत कम है. 2025 के IPL के दौरान भी बुमराह ने 12 मैचों में 6.68 की इक़नमी के साथ 18 विकेट अपने नाम किये. आईपीएल के 145 मैचों में उनके नाम अब 183 विकेट हैं. पिछले साल ख़ासकर गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ उनके डेडली यॉर्कर की यादें अब भी ताज़ा हैं.

धोनी की कप्तानी में वापसी
थाला का अलग ही करिश्मा है. 44 के एमएस धोनी को लेकर पिछले साल और इस साल भी कयास लगते रहे हैं कि ये उनका आख़िरी आईपीएल होगा. मगर एमएस अनहोनी को होनी करने वाले अमर-अकबर-एंथनी हैं. 278 IPL के मैचों में 100 बार नॉट आउट रहने वाले धोनी ने 24 अर्धशतक और 138 के स्ट्राइक रेट से तकरीबन 5500 रन बनाये हैं. धोनी को अपनी टीम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाने के बाद फिर से कप्तानी में वापसी करनी पड़ी तो चेन्नई के फ़ैन्स ने उन्हें सर आंखों पर उठा लिया. पीली जर्सी में पांच बार के विजेता कप्तान धोनी की तस्वीरें एकस बार फिर से थाला का जादू बिखेरने लगी हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com