विज्ञापन

'हमें वो 6 जीत क्यों मिलीं?', जीरो पर आउट होने के बाद विराट कोहली की ड्रेसिंग रूम स्पीच हुई वायरल

विराट कोहली का एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है. जहां वह अपने साथी खिलाड़ियों के सामने ड्रेसिंग रूम में काफी सकारात्मक बातें करते हुए नजर आ रहे हैं.

'हमें वो 6 जीत क्यों मिलीं?', जीरो पर आउट होने के बाद विराट कोहली की ड्रेसिंग रूम स्पीच हुई वायरल
Virat Kohli

आईपीएल के 19वें सीजन का खुमार क्रिकेट प्रेमियों के ऊपर छाया हुआ है. टूर्नामेंट का एक बेहद ही रोमांचक मुकाबला सात मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (LSG vs RCB) के बीच लखनऊ में खेला गया था. जहां लखनऊ की टीम डकवर्थ लुईस नियम के तहत नौ रनों से बाजी मारने में कामयाब हुई थी. मैच के दौरान आरसीबी के फैंस को स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) से एक आतिशी पारी की उम्मीद थी. मगर वह उन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए थे. टीम के लिए पारी का आगाज करते हुए वह बिना खाता खोल पवेलियन लौट गए थे. हालांकि, शून्य पर आउट होने के बावजूद उनकी मानसिकता में कोई बदलाव नहीं आया है. 

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच समाप्त होने के बाद उन्होंने ड्रेसिंग रूम में काफी सकारात्मक बातें की. यहीं नहीं उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों से सकारात्मक रहने और बाकी बचे सीजन का लुत्फ उठाने के लिए भी कहा. आरसीबी की तरफ से साझा किए गए वीडियो में उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है, 'हमें वो छह जीत क्यों मिलीं? क्योंकि हम खेल का लुत्फ उठा रहे थे. हम केवल अपने स्तर को लेकर चिंतित थे. हम विपक्षी टीम की तरफ देख भी नहीं रहे थे.'

किंग कोहली ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मैं चाहता हूं कि हम पूरी तरह से आनंद और उत्साह के साथ मैदान में वापसी करें, चाहे दूसरी तरफ जर्सी का रंग कोई भी हो.'

प्लेऑफ में पहुंचने के काफी करीब है आरसीबी 

टूर्नामेंट के 51 मुकाबले बीत जाने के बाद आरसीबी की टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर काबिज है. पाटीदार एंड कंपनी ने खबर लिखे जाने तक कुल 10 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनको छह मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि चार मुकाबलों में शिकस्त का सामना करना पड़ा है. टीम के खाते में 12 अंक (+1.234) हैं. टूर्नामेंट में आरसीबी को अभी कुल चार मुकाबले खेलने शेष हैं. जिसे देख उम्मीद जताई जा रही है कि वह प्लेऑफ के लिए आसानी से क्वालीफाई कर जाएगी. 

यह भी पढ़ें- KKR की लगातार चौथी जीत, क्या जिंदा हैं प्लेऑफ की उम्मीदें? यहां से यह रणनीति दिला सकती है टिकट


 

लेखक के बारे में
img
राकेश कुमार सिंह
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Royal Challengers Bengaluru, Virat Kohli, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com