विज्ञापन

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी जिस बात के लिए थे नाराज, अब मैदान पर दिखेगा वो अंदाज!, वीडियो वायरल

Vaibhav Suryavanshi Practice Video Viral: आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का अब तक का सफर बेहद प्रभावशाली रहा है. उन्होंने इस सीजन में खेले गए 5 मैचों में कुल 200 रन बनाए हैं.

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी जिस बात के लिए थे नाराज, अब मैदान पर दिखेगा वो अंदाज!, वीडियो वायरल
Vaibhav Suryavanshi Practice Video Viral:

Vaibhav Suryavanshi Catch Practice Video Viral: आईपीएल 2026 में 'वंडर किड' के नाम से मशहूर वैभव सूर्यवंशी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के साथ-साथ अब अपनी फील्डिंग को लेकर भी चर्चा में हैं. हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 'गोल्डन डक' पर आउट होने की निराशा को पीछे छोड़ते हुए वैभव अब कोलकाता के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं. राजस्थान रॉयल्स के सहायक कोच ट्रेवर पेनी ने हाल ही में खुलासा किया था कि वैभव सिर्फ बल्लेबाजी से खुश नहीं थे, बल्कि वह मैदान पर फील्डिंग भी करना चाहते थे.

'इम्पैक्ट प्लेयर' के रोल से नाखुश थे वैभव सूर्यवंशी

पेनी के अनुसार, "वैभव को फील्डिंग न मिलने का अफसोस था क्योंकि वह एक शानदार फील्डर हैं और खेल में पूरी तरह शामिल रहना पसंद करते हैं." दरअसल, पिछले कुछ मैचों में टीम संयोजन और डोनोवन फरेरा की वापसी के कारण उन्हें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर इस्तेमाल किया गया था, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि 19 तारीख को कोलकाता के खिलाफ होने वाले मैच में वैभव का नया अंदाज देखने को मिल सकता है.

वैभव सूर्यवंशी का 'मजेदार' कैचिंग वीडियो

राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर वैभव का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनका आत्मविश्वास और रिलैक्स मूड साफ झलक रहा है. वीडियो में वैभव कैचिंग प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि वैभव बहुत ही आसान से आने वाले कैच को पकड़ते समय अचानक नीचे की ओर झुककर एक शानदार 'डाइव' मार देते हैं. राजस्थान रॉयल्स ने इस वीडियो के कैप्शन में मजेदार अंदाज में लिखा "अपने उस दोस्त को टैग करो जो आसान कैच को भी मुश्किल बनाने के लिए डाइव मारता है."

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का अब तक का सफर

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का अब तक का सफर बेहद प्रभावशाली रहा है. उन्होंने इस सीजन में खेले गए 5 मैचों में कुल 200 रन बनाए हैं, जिसमें उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अब तक 18 शानदार चौके और 18 गगनचुंबी छक्के जड़े हैं. वैभव की सबसे बड़ी खासियत उनका निडर अंदाज रहा है, जहाँ उन्होंने जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड जैसे दुनिया के नंबर एक और दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी की और उनकी गेंदों पर तूफानी छक्के लगाकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया.

क्या अगले मैच में नहीं होंगे 'इम्पैक्ट प्लेयर'?

प्रैक्टिस सेशन में वैभव की इस जबरदस्त फील्डिंग ड्रिल को देखकर उम्मीद जताई जा रही है कि कोलकाता के खिलाफ वह सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं, बल्कि शुरुआती प्लेइंग-11 का हिस्सा हो सकते हैं. अगर ऐसा होता है, तो फैंस को वैभव की शानदार फील्डिंग और लंबी डाइव्स देखने का भी मौका मिलेगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com