Vaibhav Sooryavanshi: युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव ने बेटे के 10वीं की परीक्षा में शामिल न होने पर चुप्पी तोड़ी है. मीड डे के साथ बात करते हुए सूर्यवंशी के पिता संजीव ने इस बारे में खुलासा किया है. संजीव ने बेटे के 10वीं की परीक्षा में शामिल न होने पर कहा है कि 14 साल का वैभव राजस्थान रॉयल्स IPL टीम के सदस्यों के साथ प्रैक्टिस कर रहा है, क्योंकि IPL 2026 में 40 दिन से भी कम समय बचा है. उन्होंने यह भी कहा कि इस साल वैभव की क्लास 10 की परीक्षाओं को लेकर बहुत हाइप थी और इसलिए उसने उन्हें छोड़ने का फैसला किया. वैभव को मंगलवार को अपनी परीक्षा देनी थी, लेकिन उसने उन्हें छोड़ने का फैसला किया है.
उन्होंने बताया कि उनका बेटा एक अच्छा स्टूडेंट है, लेकिन इस समय उसका पूरा ध्यान क्रिकेट पर है. संजीव ने कहा, "जब वैभव स्कूल में रेगुलर था, तो वह पढ़ाई में अच्छा था. उसे सभी सब्जेक्ट में 90 परसेंट से ज़्यादा नंबर मिलते थे, लेकिन अब उसकी प्रायोरिटी क्रिकेट है."
बता दें कि मंगलवार को, वैभव बिहार के पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में अपनी क्लास 10 की CBSE बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हुए हैं और उन्हें एब्सेंट मार्क कर दिया गया है.
दूसरी ओर ANI से बात करते हुए, पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल एनके सिन्हा ने कहा कि सूर्यवंशी को CBSE पॉलिसी के हिसाब से एब्सेंट मार्क किया गया है.
सिन्हा ने कहा, "वह आज एब्सेंट है, वो एग्जाम सेंटर नहीं आए हैं. हमने उसे CBSE की पॉलिसी के हिसाब से एब्सेंट मार्क किया है... अगर कोई स्टूडेंट एब्सेंट है, तो हमें उसे एब्सेंट मार्क करना होगा... हम उम्मीद कर रहे थे कि वह आकर एग्जाम देगा, लेकिन और भी कई ज़िम्मेदारियां हैं. क्रिकेट मैच या प्रैक्टिस हो सकती है... मुझे लगता है कि वह अगला एग्जाम ज़रूर देगा."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं