क्रिकेट के गलियारों से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. देश के युवा सनसनी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को आगामी दलीप ट्रॉफी 2026-27(Duleep Trophy 2026-27) के लिए पूर्व क्षेत्र का उप-कप्तान बनाया गया है. वहीं कप्तानी की जिम्मेदारी भारतीय टीम के मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के कंधों पर रखी गई है. दलीप ट्रॉफी 2026-27 के दौरान भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी एक्शन में नजर आएंगे. टूर्नामेंट के दौरान यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि इन तीनों धुरंधरों का प्रदर्शन कैसा रहता है.
23 अगस्त से हो रहा है दलीप ट्रॉफी का आगाज
दलीप ट्रॉफी 2026-27 का आगाज अगले महीने 23 अगस्त से हो रहा है. प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के आगाज से पहले कोलकाता स्थित ऐतिहासिक मैदान ईडन गार्डन्स स्टेडियम में चयन समिति की बैठक हुई. जहां कुल छह राज्य संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. जारी किए गए 15 सदस्यीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा तालमेल नजर आ रहा है. चयनित खिलाड़ियों में साफ-साफ देखा जा सकता है कि बंगाल और झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा है.
आईपीएल के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में भी धूम मचा रहे हैं वैभव
आईपीएल 2026 में धूम मचाने वाले युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इंटरनेशनल क्रिकेट में भी जमकर चल रहा है. हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ संपन्न हुए तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वैभव का बल्ला जमकर चला था. उन्होंने पूरे सीरीज के दौरान शानदार बल्लेबाजी करते हुए 151 रन बनाए थे. जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था.
वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
बात करें वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के बारे में तो उन्होंने खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम की तरफ से कुल छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से छह पारियों में 32.16 की औसत से 193 रन निकले हैं. जिसमें दो अर्धशतक शामिल है. 81 रनों की खेली गई अर्धशतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च अर्धशतकीय पारी है. उन्होंने ये रन 189.21 की स्टाइक रेट से बनाए हैं.
दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए पूर्व क्षेत्र की टीम
ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज़ अहमद, सूरज सिंधु जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, डेनिश दास, अभिजीत सरकार.
स्टैंडबाय खिलाड़ी
आयुष लोहारुका, श्रीदाम पॉल, संबित एस. बराल, स्वास्तिक सामल और शरणदीप सिंह.
यह भी पढ़ें- प्रतिका रावल का बदला पता, इंग्लैंड में करेंगी छक्के-चौकों की बौछार, जानें किस टीम का मिला साथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं