भारत का जिम्बाब्वे दौरा समाप्त हो चुका है. दोनों टीमों के बीच खेले गए तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आखिरी मुकाबला 26 जुलाई 2026 को हरारे में खेला गया. जहां भारतीय टीम 35 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही. मैच के हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) रहे. पारी का आगाज करते हुए उन्होंने 81 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली. जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' के अवॉर्ड से नवाजा गया. मैच के बाद उन्होंने अपना विचार साझा करते हुए कहा, 'टीम की तरफ से अच्छा खेलकर अच्छा महसूस कर रहा हूं. मैच के लिए हमारी तैयारी अच्छी थी. यहां पर खेलना मुझे अच्छा लगता है. यहां पहले भी मैं अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुका हूं. कप्तान और कोचों ने मेरी काफी मदद की. टी20 मुकाबले में मुझसे जो हो सकता है. तीनों मुकाबलों में मैं वही करने का प्रयास कर रहा था. जिससे मैं टीम को अच्छी शुरुआत दिला सकूं. अभ्यास के दौरान जो मैं करता हूं. बस मैच के दौरान उसी को दोहराने का प्रयास करता हूं. यह सपने के सच होने जैसा है. 'मैन ऑफ द मैच' और 'मैन ऑफ द सीरीज' दोनों एक साथ मिला है.'
आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वैभव ने 165.30 की स्ट्राइक रेट से कूटे रन
आखिरी के टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर चला. उनकी शानदार बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मैच के दौरान भारत की तरफ से पारी का आगाज करते हुए उन्होंने कुल 49 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 165.30 की स्ट्राइक रेट से 81 रन बनाने में कामयाब रहे. इस बीच क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से आठ चौके और चार बेहतरीन छक्के देखने को मिले. मैच के दौरान उन्हें विपक्षी टीम के गेंदबाज मधेवेरे ने अपना शिकार बनाया. एवंस ने उनका शानदार कैच पकड़ा.
तीन मैचों की सीरीज में 151 रन बनाने में कामयाब रहे वैभव
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वैभव सूर्यवंशी कुल 151 रन बनाने में कामयाब रहे. पहले टी20 मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 50 रनों की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली थी. दूसरे मुकाबले में वह कुछ खास कारनामा करने में नाकामयाब रहे और महज 20 रनों पर आउट हो गए. मगर आखिरी मुकाबले में उन्होंने लोगों को निराश नहीं किया. इस बार वह पारी का आगाज करते हुए 49 गेंद में 81 रन बनाने में कामयाब रहे. जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं