आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया की रिकॉर्ड हार और आयरलैंड और इंग्लैंड की भारत के खिलाफ रिकॉर्ड जीत के बाद पांचवें टी-20 मैच के लिए टीम इंडिया साउथैंप्टन में मैदान पर आई तो हार का ठीकरा साफ तौर पर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर फूटता दिखा. टीम इंडिया सीरीज पहले ही हार चुकी है. आखिरी मैच आन की लड़ाई बन गई. टीम इंडिया प्लेइंग XI का एलान किया गया तो टीम इंडिया में दो बदलाव दिखे. प्लेइंग XI से वैभव सूर्यवंशी को टीम से बाहर कर दिया गया. वैभव के साथ वाशिंगटन सुंदर को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया. टीम इंडिया में इन दोनों की जगह फिर से संजू सैमसन और सूर्यांश शेडगे की वापसी हो गई.
क्यों वैभव को किया गया बाहर?
मैच शुरू होते ही वैभव सूर्यवंशी को बाहर किये जाने को लेकर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई. SONY SPORTS LIVE पर कॉमेन्ट्री के दौरान पूर्व कप्तान और कॉमेन्टेटर रवि शास्त्री ने वैभव सूर्यवंशी की तस्वीर पर कहा, 'आप उनकी (वैभव सूर्यवंशी की) बॉडी लैंग्वेज से पढ़ सकते हैं. वो बेहद मायूस दिख रहे हैं.'
वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू दौरा फ़्लॉप साबित हुआ, जहां अपनी पहली तीन पारियों में वो 14, 13 और 15 रन की पारियों के साथ कुल 42 रन ही जोड़ सके. ख़ासकर जोफ़्रा आर्चर ने उनकी एक कमज़ोरी पकड़ ली और उन्हें शॉर्ट बॉल या बाउंसर पर फांस लिया.
हफ़्ते भर पहले मैनचेस्टर टी-20 में अपने डेब्यू मैच में जोफ़्रा आर्चर को 1 और जॉश टंग को 2 छक्के जड़े थे. लेकिन विल जैक्स की बैक ऑफ़ लेंथ गेंद को खेलने की चक्कर में वैभव को विकेटकीपर जोश बटलर ने स्टंप आउट कर दिया.
मैनचेस्टर के मैच के बाद नॉटिंघम में जोफ़्रा ने वैभव को दूसरे गेंदबाज़ों की तरह स्लॉट में गेंद डालने की ग़लती नहीं की. ब्रिस्टल और नॉटिंघम में उन्होंने दो बार उन्हें अपनी शॉर्ट लेकिन 145 किमी/ घंटा की रफ़्तार वाली गेंदों पर फांस लिया.
वैभव ने दूसरे कई गेंदबाज़ों की तरह अपने पहले टी-20 मैच में जोफ़्रा आर्चर को भी पहली ही गेंद पर ज़रूर बाउंड्री के बाहर तारे दिखाए थे. मैनचेस्टर में वैभव-जोफ़्रा का डुअल या द्वन्द्व- Duel 1-0 से वैभव के पक्ष में रहा. लेकिन नॉटिंघम और ब्रिस्टल में जोफ़्रा ने अपनी काबिलियत दिखाई और ना सिर्फ़ उन्हें 2-1 से अपने नाम किया, बल्कि उन्हें टीम इंडिया से बाहर दिखाने में अहम रोल अदा कर दिया.
वैभव के टैलेंट का सही इस्तेमाल नहीं कर पा रही टीम इंडिया?
वैभव को जब आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर जगह मिली तो सुनील गावस्कर से लेकर कपिल देव जैसे दिग्गजों का मानना था कि वैभव को मौक़ा मिलना चाहिए और शायद आयरलैंड दौरे पर ही मिलना चाहिए था.
क्रिकेट के कई जानकार मानते हैं कि इंग्लैंड के मुश्किल दौरे पर विराट कोहली जैसे दिग्गजों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. ऐसे में वैभव को शायद आयरलैंड के ख़िलाफ़ मौक़े मिलते तो नतीजा कुछ और होता. शायद वैभव इंग्लैंड के लिए बेहतर तैयार होते.
इस पूरे दौरे पर लग रहा है कि टीम इंडिया अपने प्लान से ज़्यादा मीडिया या सोशल मीडिया के दबाव में फ़ैसले ले रही है. अब मुमकिन है कि मौजूदा फ़ैसले से वैभव का कॉन्फ़िडेंस टूटे और उन्हें तैयार होने में थोड़ा वक्त लग जाए.
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: साउथेम्प्टन में दाव पर इज्जत, पिछली बार भारतीय टीम के साथ रोज बाउल में क्या हुआ था?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं