विज्ञापन

24 गुना हुई ऐड की कीमत, बीस गुना फीस बढ़ने का अनुमान, देखिए कैसे वैभव सूर्यवंशी का ब्रैंड वैल्यू छू रहा आसमान

Vaibhav Sooryavanshi: वैश्विक क्रिकेट के ब्रांड एंबेसडर बन सकते हैं वैभव सूर्यवंशी, आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है.

24 गुना हुई ऐड की कीमत, बीस गुना फीस बढ़ने का अनुमान, देखिए कैसे वैभव सूर्यवंशी का ब्रैंड वैल्यू छू रहा आसमान
Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी विज्ञापन बाजार के बने नए किंग

Vaibhav Sooryavanshi Offered Rs 12 Crore For His Batting Heroics In IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा आईपीएल में तकरीबन 90 फ़ीसदी रन बाउंड्रीज़ के ज़रिये बनाये हैं और इसमें कोई शक नहीं कि इस सीज़न वो आईपीएल का सबसे चमकता सितारा बनकर उभरे हैं. ये भी कहा जा रहा है कि आज आईपीएल की सभी दसों टीम में कोई भी उन्हें किसी कीमत पर खरीदने को तैयार हो जाएंगी. क्रिकेट के बाजार में उन्हें ‘रॉकेट ब्रांड' के तौर पर देखा जा रहा है. राजस्थान टीम से रश्क करनेवाले कहते हैं कि रॉयल्स टीम ने इनोवा की कीमत में लैम्बोर्गिनी खरीद ली है. 

वैभव का प्लान किया, बाज़ार का सुपर प्लान

ये तो साफ़ है कि वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर के लिए जितना प्लान किया होगा, बाज़ार उससे कहीं आगे बढ़कर उनके लिए पलक पांवड़े बिछाने को तैयार है. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी फ़िलहाल टीवी पर सिर्फ़ कॉम्प्लान के विज्ञापन में नज़र आते हैं. लेकिन यकीन मानिए अगले 6 महीनों के अंदर उन्हें लेकर विज्ञापनों की बौछार लगने वाली है. 

खासकर आईपीएल के प्लेऑफ़ में हैदराबाद के ख़िलाफ़ 29 गेंदों पर 97 रनों की उनकी पारी के बाद उनका ब्रैंड वैल्यु बेतहाशा भाग गया है. वैभव की मौजूदा SS डील 50 लाख प्रति वर्ष बताई जाती है. MRF ने उन्हें 24 गुणा बड़ा ऑफ़र देते हुए 12 करोड़ प्रति वर्ष का एक ऑफ़र दिया है. ये उनकी पिछली कीमत में 24 गुणा बड़ा उछाल है

  • - MRF का ऑफ़र 12 करोड़ रुपये प्रति वर्ष
  • - मौजूदा SS डील 50 लाख प्रति वर्ष
  • – 24 गुणा बड़ा उछाल

ड्राइविंग लाइसेंस से पहले मिल गई कार

वैभव सूर्यवंशी को ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने में अभी कम से कम तीन साल का वक्त लगने वाला है. लेकिन कार कंपनियां उनके पीछे लाइन लगाने को तैयार नज़र आती हैं. उन्हें पिछले साल 207 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करने के लिए आईपीएल का सुपर स्ट्राइकर ख़िताब और टाटा कर्व कार का गिफ़्ट पहले ही मिल चुकी है. वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी ने उनके कार मिलने पर कहा था, “अच्छा खेला है. इसलिए उसको कार मिला है. पिता होने के नाते बहुत खुश हैं.”

इनोवा के दाम में लैम्बोरगिनी

वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स ने दो साल पहले सिर्फ़ 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीदा जो उनकी अबतक की सबसे शानदार खरीद कही जा सकती है. वैभव अब साल 2026 का ब्रैंड रॉकेट बन गये हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक हैदराबाद के मैच के बाद उनकी मैच वर्थ 7.98 करोड़ रुपये पहुंच गई बताई जा रही है. कहा ये भी जा रहा है कि वौभव पर लगाया गया 1 करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट अब 12.70 करोड़ रुपये रिटर्न दे रहा है. यानी तकरीबन 1,170 % रिटर्न.

  • वैभव की कीमत 1 करोड़ 10 लाख रुपये
  • वैभव से रिटर्न की कीमत 12.70 करोड़ रुपये
  • वैभव से रिटर्न में बढ़ोतरी 1,170 % रिटर्न

कई जानकार मानते हैं कि आनेवाले टाइम में वैभव टी-20 और आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हो सकते हैं. सोशल मीडिया तो वैभव का  फ्यूचर ब्रांड वैल्यू का 50 करोड़ रुपये तक हाइप करता नज़र आता है. पूर्व टेस्ट क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने बयान दिया है,"अगर वैभव अगले साल ऑक्शन में आता है, तो टीम को 20 करोड़ खर्च करने पड़ेंगे." मार्केटिंग एक्सपर्ट हरिकृष्णन पिल्लई कहते हैं कि वैभव यूथ ब्रांड्स की पहली पसंद हैं जिन्हें स्नीकर्स से लेकर SIP तक, सब उसे साइन करना चाहते हैं. 

वैभव में ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बनने की क्षमता है जिन्होंने आईपीएल 2026 में तकरीबन 90 फ़ीसदी रन चौकों-छक्कों से बनाए. उनके 680 में से 610 रन 55 चौकों और 65 छक्कों के ज़रिये आए. उनकी बाउंड्रीज़ हर उम्र के क्रिकेट फ़ैन्स को वैसे ही भा रही है जैसे कभी सचिन की पारियां भाती थीं. वैभव राजस्थान रॉयल्स के एक वीडियो में कहते हैं, “जब तक चलेगा बल्ला, तभी मचेगा हल्ला”- वैभव को लेकर बाज़ार में बहुत जल्द हल्ला मचने वाला है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com