Gujarat Titans vs Rajasthan Royals, IPL Qualifier 2 Match Today: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइंटंस के बीच मुंकाबला होगा, इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में बेंगलुरु के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. इस मैच में आज भी सबकी नजर वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी. एलिमिनेटर मैच में वैभव ने अपनी बल्लेबाजी का जो करिश्मा दिखाया था उसका असर आज गुजरात के गेंदबाजों पर भी देखने को मिल सकता है. वैभव ने एलिमिनेटर में हैदराबाद के खिलाफ 97 रनों की पारी में 12 छक्के लगाए थे जिसे देखकर हर कोई चौंक गया था.
आईपीएल में गुजरात के खिलाफ वैभव का परफॉर्मेंस
आईपीएल में गुजरात के खिलाफ वैभव ने अबतक 3 मैच में 168 रन बनाए हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 233.33 का रहा है. एक शतक लगाने में सफल रहे हैं. इस सीजन वैभव का फॉर्म कमाल का रहा है. वैभव ने अबतक 15 मैच में 680 रन बनाए हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 242.85 का है.
गुजरात टाइंटंस के पास तेज गेंदबाजी आक्रमण का सहारा
गुजरात को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने Qualifier 1 में 92 रनों से हरा दिया. इस मैच में उनकी इन-फॉर्म ओपनिंग जोड़ी, कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन का एक साथ फ्लॉप होना हार का एक अहम कारण रहा था. गुजरात की टीम जिसने 2022 में अपने पहले ही सीजन में आईपीएल का खिताब जीता था, उनके पास एक बेहतरीन तेज गेंदबाजी आक्रमण है, जिसकी अगुवाई कगिसो रबाडा कर रहे हैं और उन्हें मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और प्रसिद्ध कृष्णा का साथ मिल रहा है. लेकिन इस मुकाबले में Royals का पलड़ा भारी लग रहा है, क्योंकि बुधवार को एलिमिनेटर में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ एक जबरदस्त जीत हासिल की थी. इस जीत के हीरो थे 15 साल के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाकर 12 छक्के जड़े थे. इस 15 साल के खिलाड़ी ने हैदराबाद के मशहूर गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया, जिसकी अगुवाई उनके कप्तान पैट कमिंस कर रहे थे.
रबाडा पर रहेगी नजर
आज जब वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरेंगे तो उनके सामने रबाडा का आक्रमण होगा. अबतक 15 मैच में उनके नाम 26 विकेट दर्ज है. कगिसो रबाडा 26 विकेट लेकर सीजन के टॉप विकेट टेकर्स में दूसरे नंबर पर हैं. रबाडा एक ऐसे गेंदबाज के तौर पर जाने जाते हैं तो अपनी गति और चालाकी से बल्लेबाज को फंसाते हैं .ऐसे में आज वैभव और रबाडा के बीच रोमांचक जंग देखने को मिल सकती है .
पॉवर प्ले की जंग होगी अहम
वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल 2026 में पावरप्ले रिकॉर्ड धमाकेदार रहा है. वैभव ने आईपीएल 2026 सीजन के दौरान पावरप्ले (1-6 ओवर) में 490 रन बनाए, और एक ही IPL एडिशन में सबसे ज़्यादा पावरप्ले रन बनाने का ऑल-टाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया है. राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए, 15 साल के वैभव ने पहले छह ओवरों की हिटिंग को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है. आजके मैच में भी राजस्थान की पारी के पहले 6 ओवर काफी अहम साबित होने वाले हैं.
पॉवर प्ले में वैभव सूर्यवंशी का है राज
पावरप्ले में इस सीजन वैभव ने 490 रन बनाए हैं, पावरप्ले के दौरान 231.18 का ज़बरदस्त स्ट्राइक रेट वैभव के नाम रहा है. पॉवर प्ले में वैभव ने 37 छक्के अबतक लगाने का कमाल कर दिखाया है. जिससे वह लीग के इतिहास में एक ही सीजन में पावरप्ले में 30 से ज़्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा पावरप्ले में वैभव के नाम 4 अर्धशतक दर्ज है.
पॉवर प्ले में गुजरात के गेंदबाजों का जलवा
आईपीएल 2026 सीजन के दौरान गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों ने पावरप्ले में 30 विकेट लिए, जिससे वे टूर्नामेंट में शुरुआती ओवरों की सबसे दमदार गेंदबाजी यूनिट बन कर सामने आई है. पावरप्ले में उनकी इस सफलता का श्रेय मुख्य रूप से कगिसो रबाडा को जाता है, जिन्होंने एक ही सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया है.
IPL 2026 सबसे ज्यादा विकेट पावरप्ले में
- कगिसो रबाडा18
- भुवनेश्वर कुमार 16
- मोहम्मद सिराज 13
राजस्थान संभावित 11: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा और सुशांत मिश्रा
गुजरात संभावित 11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राहुल तेवतिया
बारिश का असर
आजके मैच में न्यू चंडीगढ़ में 60 से 70 प्रतिशत बारिश की संभावना है. तापमान 23°C से 37°C तक रह सकता है. आज यदि बारिश ने खेल बिगाड़ा तो राजस्थान को झटका लगेगा. पॉइंट टेबल के हिसाब से गुजरात फाइनल में पहुंच जाएगी. इस एलिमिनेटर-2 के लिए कोई रिजर्व डे भी नहीं रखा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं