भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज आज (13 सितंबर 2026) से हो रहा है. प्रतिष्ठित सीरीज का पहला मुकाबला राजधानी दिल्ली में खेला जाएगा. अहम मुकाबले का आगाज हो. उससे पहले देश के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन सुझाई है. जहां उन्होंने युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को नजरअंदाज करते हुए हर किसी को चौंका दिया है. 48 वर्षीय पूर्व भारतीय दिग्गज ने पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए अभिषेक शर्मा के जोड़ीदार के रूप में संजू सैमसन का चुनाव किया है.
अपने यूट्यूब चैनल 'आकाश चोपड़ा' पर साझा किए गए वीडियो में बातचीत करते हुए भारतीय दिग्गज ने कहा, 'सबसे अहम सवाल यह होगा कि आप सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान में किसे उतार रहे हैं. आयरलैंड दौरे पर सैमसन का प्रदर्शन अच्छा नहीं था. मगर आपने वहां वैभव को मौका नहीं दिया. इंग्लैंड दौरे पर संजू ने खराब प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन उससे पहले ही आपने उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया. वह जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं गए. अब जब आपने उनका फिर से चुनाव किया है, तो मेरी राय में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को ओपनिंग करनी चाहिए.'
आकाश चोपड़ा ने कहा, 'संजू ने आखिर गलती क्या की है? उनकी तरफ फिर से जाइए. उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है. अभिषेक शर्मा का भी एक दौरा विफल (कम रनों वाला) रहा था. मगर हमने उनके बारे में कुछ नहीं कहा. अगर हम उन्हें मौका दे रहे हैं, तो संजू के साथ भी वैसा ही रवैया अपनाना होगा. मुझे याद है कि वैभव ने पिछले दौरे पर रन बनाए थे. मगर मैं फिर भी सैमसन के साथ आगे बढूंगा. क्योंकि मैं संजू को बेंच पर बैठा हुआ नहीं देख सकता. इसके लिए वैभव को अपनी बारी का इंतजार करना होगा.'
सलामी जोड़ी के बाद आकाश ने नंबर तीन पर ईशान किशन को रखा है. उसके बाद उन्होंने श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा का चुनाव किया है. आकाश का कहना है, 'इसके पश्चात नंबर तीन पर ईशान किशन होंगे. यानी कि फिर से वही टॉप तीन बल्लेबाज, जिन्होंने वर्ल्ड कप में खेला था. वर्ल्ड कप में सूर्यकुमार यादव नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आए थे. मगर यहां पर आपको अब कैप्टन श्रेयस अय्यर नजर आएंगे. नंबर पांच पर तिलक वर्मा होंगे, जो मौजूदा समय में फॉर्म में भी हैं.'
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में पंड्या नजर नहीं आएंगे. क्योंकि वो रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. आकाश का कहना है, 'चूंकि हार्दिक पंड्या टीम में नहीं हैं. इसलिए मेरे पास दोनों ऑलराउंडरों नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे को एक साथ खिलाने का मौका है. मैं यही करना चाहता हूं. एक को छठे नंबर पर और दूसरे को सातवें नंबर पर खिलाना चाहता हूं. अक्षर पटेल को आठवें नंबर पर रखूंगा.'
चोपड़ा ने कहा, 'इससे ज्यादा बल्लेबाजी में मुझे गहराई की जरूरत नहीं है. जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती नौवें से ग्यारहवें नंबर पर खेलेंगे. आपके पास वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के रूप में दो स्पिनर होंगे, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के रूप में दो पूरी तरह से तेज गेंदबाज होंगे और शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी से चार-चार ओवर लिए जा सकते हैं. अभिषेक शर्मा भी अब थोड़ी-बहुत गेंदबाजी कर लेते हैं.'
पहले टी20 मुकाबले के लिए आकाश चोपड़ा की तरफ से चुनी गई भारतीय प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती.
यह भी पढ़ें- भारत या श्रीलंका महिला टीम, किसका होगा महिला एशिया कप 2026 पर कब्जा? आंकड़े दे रहे हैं गवाही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं