विज्ञापन

टीम इंडिया से बाहर होने का दर्द छलका, उमेश यादव बोले-'कोच चाहते थे मैं टीम से बाहर हो जाऊं'

उमेश यादव ने  अपने करियर में 57 टेस्ट, 75 वनडे और 9  T20I मैच खेले. 38 साल के उमेश, जो 25 अक्टूबर को 39 साल के हो जाएंगे, अभी भी भारतीय घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं और टीम इंडिया में वापसी का सपना देख रहे हैं. 

टीम इंडिया से बाहर होने का दर्द छलका, उमेश यादव बोले-'कोच चाहते थे मैं टीम से बाहर हो जाऊं'
उमेश यादव का बड़ा खुलासा, कोच को लेकर किया बड़ा खुलासा (फोटो- X)

किसी खिलाड़ी में कितना भी टैलेंट हो लेकिन उसकी किस्मत उसके खिलाफ है तो वह खिलाड़ी अपने करियर में आगे नहीं बढ़ सकेगा. ऐसा ही कुछ उमेश यादव के साथ हुआ, भारतीय गेंदबाज उमेश काफी टैलेंटेड गेंदबाज रहे हैं लेकिन चोटिल होने कारण उमेश का करियर उस मुकाम पर नहीं पहुंच पाया जिसकी काबिलियत वह रखते थे. उमेश यादव उस पीढ़ी से हैं जिसने कई प्रतिभाशाली भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों को उभरते देखा. उमेश लगातार 140 kmph से ज़्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी किया करते थे. उमेश यादव अपने करियर में 57 टेस्ट, 75 वनडे और 9 T20I मैच खेले. 38 साल के उमेश, जो 25 अक्टूबर को 39 साल के हो जाएंगे, अभी भी भारतीय घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं और टीम इंडिया में वापसी का सपना देख रहे हैं. 

टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद बरकरार

38 साल के उमेश ने 'टाइम्स नाउ' से बातचीत करते हुए अपने करियर को लेकर बात की और कहा, "देखिए, मुझे नहीं लगता कि कभी बहुत देर हो जाती है. यह हालात पर निर्भर करता है. मुझे लगता है कि किसी भी खिलाड़ी का चयन उसकी परफॉर्मेंस और फिटनेस के आधार पर होना चाहिए, न कि उम्र के आधार पर.अगर आपको लगता है कि किसी खिलाड़ी की उम्र 37 या 38 साल है और वह गेंदबाजी नहीं कर पा रहा है, तो साफ-साफ कह देना ठीक है, 'भाई, अब तुम यह नहीं कर सकते. न तो तुम्हारी गेंद में पहले जैसी धार है, न ही तुम उतनी तेज गेंदबाजी कर रहे हो, और फील्डिंग में भी तुम पहले जितने फिट नहीं दिखते. आप यह बात उसे सीधे कह सकते हैं."

उमेश यादव ने आखिरी बार 2023 में भारत के लिए टेस्ट मैच खेला था.  तब से, चोटों और युवा खिलाड़ियों के आने से यादव के मौकों पर असर पड़ा है. उनका करियर का सफर कुछ हद तक मोहम्मद शमी जैसा ही है. उमेश चैंपियंस ट्रॉफ़ी के बाद से भारत के लिए नहीं खेला है. चोटों और युवा तेज गेंदबाज़ों के विकल्प होने से भी उनके मौकों को नुकसान पहुंचा . 

चयनकर्ताओं को ज्यादा स्पष्टता दिखानी चाहिए

उमेश ने कहा कि "खिलाड़ियों की जिन्दगी आसान बनाने के लिए बीसीसीआई के चयनकर्ताओं को ज्यादा स्पष्टता दिखानी चाहिए.  उन्होंने कहा, "अगर चयनकर्ता के तौर पर आपने कुछ सोचा है, तो खिलाड़ी को बता दें.  यह बात न बताने और उन्हें इस उलझन में छोड़ने से कहीं बेहतर है कि आप उन्हें चुनेंगे या नहीं. बस साफ-साफ बात करें, झूठी उम्मीद में रहने से यह कहीं बेहतर है. अगर चीजें बिल्कुल साफ हों, तो आप अगला बेहतर कदम उठा सकते हैं. लेकिन हर कोई जानता है. कौन अपने देश का दोबारा प्रतिनिधित्व नहीं करना चाहता, कौन वापसी नहीं करना चाहता?" 

उमेश यादव ने आगे कहा, "शमी को अकिलिस टेंडन की समस्या थी, जिसमें 20% हिस्सा प्रभावित था और साथ ही एड़ी की हड्डी में भी थोड़ी चोट थी. मेरी चोट 50% थी, वह फट गई थी और उसे ग्राफ्टिंग के जरिए वापस जोड़ना पड़ा था.  उसके बाद, जब मैंने वापसी की, तो मुझे सिर्फ रिहैब करने में ही पूरा एक साल लग गया.  क्योंकि रिहैब के दौरान, एक-दो और छोटी-मोटी दिक्कतें सामने आ जाती हैं जिनके बारे में आपको पता भी नहीं होता. लेकिन मेरे साथ ऐसा ही हुआ. फिर भी, शमी ने वापसी की और खेला, लेकिन उन्हें अपनी स्टेट टीम से सपोर्ट मिला, जबकि मुझे इसके उलट अनुभव हुआ."

कोच नहीं चाहते थे कि मैं अच्छा परफॉर्मेंस करूं

38 साल के तेज गेंदबाज ने एक खुलासा भी किया और कहा कि कैसे उनके कोच हमेशा चाहते थे कि मैं टीम में नहीं रहूं, उन्होंने कहा, "जब मैंने वापसी की, तो मुझे वहां से वैसा सपोर्ट और बैकअप नहीं मिला जैसा मिलना चाहिए था, वहां असल मकसद उमेश को टीम से बाहर करना था, कोच बहुत खुश थे, यह सोचकर कि 'बस एक ही खिलाड़ी बचा है, एक सीनियर बचा है, अगर वह चला जाए, तो हर जगह मेरी ही बात सुनी जाएगी और जो मैं कहूंगा, वही होगा. और ऐसा ही हुआ."

उमेश यादव ने आगे अपनी बात रखते हुए कहा, "इसलिए मेरा मानना ​​है कि स्पष्टता बहुत जरूरी है, शमी अच्छा प्रदर्शन करके चुने जाएं या नहीं, साफ गाइडेंस से उन्हें बहुत मदद मिलेगी.  शमी हों या मैं, हम इस खेल से प्यार करते हैं,  हम बचपन से ही इसे खेल रहे हैं. हमारे अंदर जितनी भी क्रिकेट बची है, हम उसे देंगे..हम वह क्रिकेट खेलेंगे. लेकिन स्पष्टता के साथ खेलने से यह और भी बेहतर हो जाता है."

यह भी पढ़ें | संजू-अभिषेक ओपनर, नंबर 3 पर ईशान, वैभव को जगह नहीं, 1 बदलाव, चौथे टी-20 में ऐसी हो सकती है भारतीय प्लेइंग -11

यह भी पढ़ें | भारत-वेस्टइंडीज, चौथा टी20 मैच आज, फ्री में कैसे देखें LIVE मुकाबला?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Umeshkumar Tilak Yadav, India, Gautam Gambhir, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com