भारत-न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज में सबकी नजरें कप्तान शुभमन गिल पर होंगी. कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही शुभमन गिल के बल्ले से कहर बरपाया है. इंग्लैंड, श्रीलंका सभी दौरों पर उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया है. इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में घातक साबित हो सकते हैं. लेकिन न्यूजीलैंड के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का मानना है कि इस टेस्ट मैचों की सीरीज में अनुभवी केएल राहुल भारत के मुख्य बल्लेबाज होंगे. 37 वर्षीय बोल्ट, जिनके नाम 317 टेस्ट विकेट हैं, राहुल की बल्लेबाजी शैली के बड़े फैन हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारतीय ओपनर इस सीरीज में अहम खिलाड़ियों में से एक होंगे.
यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग के आयोजकों द्वारा आयोजित पीटीआई के साथ एक इंटरव्यू में बोल्ट ने कहा,"मैं हमेशा से केएल राहुल और उनकी बल्लेबाजी शैली का बड़ा प्रशंसक रहा हूं. इसलिए वह भारतीय टीम के लिए टॉप ऑर्डर में एक बड़े खिलाड़ी हैं. और हां, मेरा मानना है कि जायसवाल भी हैं. दोनों ही शानदार बल्लेबाज़ हैं. तो हां, यह देखना दिलचस्प होगा." उन्होंने आगे कहा,"जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने आती है तो यह हमेशा एक रोमांचक मौका होता है."
इस दौरे का समय - पारंपरिक फरवरी-मार्च के बजाय अक्टूबर-नवंबर के आखिर में - बल्लेबाज़ों के लिए हालात को काफी चुनौतीपूर्ण बना सकता है क्योंकि बोल्ट को उम्मीद है कि मौसम ठंडा रहेगा. बोल्ट ने आगे कहा,"एक बात जो मुझे लग रही है, वह यह है कि यह अक्टूबर का आखिर होगा. मेरा मानना है कि तब सर्दियां खत्म हो रही होंगी. इसलिए काफी ठंड होगी. उम्मीद है कि हमारे कुछ गेंदबाजों के लिए विकेट पर थोड़ी हरियाली (घास) होगी."
वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में अपेक्षित परिस्थितियों के बारे में स्विंग बॉलिंग के माहिर बाएं हाथ के गेंदबाज ने कहा,"मुझे यकीन है कि यह एक अच्छी सीरीज होगी." बोल्ट और टिम साउथी ने कई सालों तक न्यूजीलैंड के लिए नई गेंद के साथ एक मजबूत जोड़ी बनाई थी, लेकिन अनुभवी खिलाड़ी का मानना है कि मौजूदा ग्रुप में भी अपनी पहचान बनाने के लिए पर्याप्त विविधता और गुणवत्ता है, जिसमें काइल जैमीसन, मैट हेनरी, नाथन स्मिथ और विल ओ'रूर्के अलग-अलग खूबियां लेकर आते हैं.
ट्रेंट बोल्ट ने आगे कहा,"मुझे लगता है कि गेंदबाजी बहुत अच्छी तरह से संतुलित है. इसमें अच्छी गति के मामले में सभी आधार कवर किए गए हैं, जाहिर है, विल ओ'रूर्के के साथ. काइल जैमीसन से थोड़ी स्विंग और बाउंस, और मैट हेनरी से सटीक गेंदबाजी देखने को मिली. तो हां मुझे लगता है कि जिस तरह से मैंने, टिम और वैग्स ने सालों तक गेंदबाजी की, वह अपने आप में एक अनोखा तरीका था. लेकिन हमारे युवा गेंदबाज दूसरी खूबियों और गेम प्लान को भी अपना सकते हैं."
बोल्ट ने नील वैगनर को भी याद किया, जिनकी कभी हार न मानने वाली सोच और मुश्किल हालात में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने की काबिलियत ने उन्हें बोल्ट और साउदी के साथ न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा बनाया था.
बोल्ट ने आगे कहा,"मुझे नहीं लगता कि नील वैगनर की तुलना किसी से की जा सकती है. उनमें टेस्ट क्रिकेट में लगभग कुछ न होने पर भी कुछ खास कर दिखाने की अनोखी काबिलियत थी; वे हमेशा दिल से खेलते थे और अपना सब कुछ झोंक देते थे. वे उस समय न्यूज़ीलैंड टीम का एक अहम हिस्सा थे, लेकिन अब टीम का रूप-रंग और खेलने का तरीका बदल गया है."
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा- किशोर जेना के बाद रोहित यादव रचेंगे इतिहास, एशियन गेम्स में जैवलिन थ्रो के टॉप 5 ऑल-टाइम रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: 'वह यहां क्यों है?', नासिर हुसैन पाक बल्लेबाज सैम अयूब पर बुरी तरह बरसे, दिया सहवाग का उदाहरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं