हाल ही में दुबई में टीम हरमनप्रीत कौर ने एशिया कब जीता. करोड़ों भारतीय फैंस के बीच स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा सहित पूरी टीम के कारनामे चर्चा में हैं, लेकिन चौंकाने की बात नहीं है कि उतनी ही चर्चा पाकिस्तान के गृहमंत्री और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी बटोर रहे हैं. नकवी को फुटेज खाने का इतना शौक है कि उन पर 'ट्ऱॉफी चोर'..'ट्रॉफी चोर' के नारों का भी कोई असर नहीं पड़ता. टीम हरमनप्रीत ने देश के सम्मान को आगे रखते हुए वही किया, जिसके उन्हें निर्देश मिले थे. बहरहाल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सोमवार को स्वदेश लौटने के बाद कहा कि भारतीय महिला टीम का एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से एशिया कप ट्रॉफी न लेने का फैसला बोर्ड द्वारा सामूहिक रूप से लिया गया था. और यह भी जोड़ा कि नक़वी ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई. भारत ने रविवार को दुबई में खेले गए एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराया था, लेकिन टीम ने नक़वी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की. यह लगातार दूसरा साल है जब किसी भारतीय टीम ने ACC अध्यक्ष से एशिया कप ट्रॉफी लेने से परहेज किया है. इससे पहले साल 2025 के एशिया कप में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पुरुष टीम ने भी ऐसा ही किया था.
'हमने मिलकर फैसला लिया'
टीम के साथ इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद शुक्ला ने पत्रकारों से कहा, 'हमने आपस में इस मामले पर चर्चा की और फैसला किया कि हम उनसे (ट्रॉफी) स्वीकार नहीं करेंगे. यह हमारा सामूहिक निर्णय था. उन्होंने (नक़वी) भी इस पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई.हमने अपनी टीम को उसी अनुसार सूचित कर दिया था. और उन्होंने जिसे देना था उसे ट्रॉफी सौंपी और फिर चले गए.' इसके अलावा, एशिया कप के दौरान दुबई में सैकिया की नक़वी से बातचीत की तस्वीरें सामने आने पर हुई आलोचना का जवाब देते हुए शुक्ला ने कहा कि वह मैच के दौरान एक सामान्य पेशेवर बातचीत थी. उन्होंने कहा, 'सैकिया जी ने जो कहा वह बिल्कुल सही है. जब आप किसी मैच में होते हैं, तो वहां हर कोई मौजूद होता है और पेशेवर क्षमता में बातचीत करता है. इसलिए, मुझे नहीं लगता कि इस पर इतनी आलोचना होनी चाहिए.'
सचिव सैकिया ने भी किया था समर्थन
वैसे शुक्ला की यह टिप्पणी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के उस स्पष्टीकरण से मिलती-जुलती है, जो उन्होंने फाइनल के बाद दिया था. सैकिया ने कहा था कि अप्रैल 2025 की पहलगाम घटना के बाद बोर्ड का रुख बदल गया था, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार की नीति के अनुसार बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में पाकिस्तान के खिलाफ खेलना जारी रखेगा सैकिया ने बताया था, 'हमारी पुरुष टीम ने डेढ़ साल पहले एशिया कप जीता था. और पहलगाम घटना के बाद से हमारी पूरी स्थिति बदल गई. इसलिए, उसके बाद हमारे देशवासियों का हम पर दबाव था कि हमें पड़ोसी देश के साथ कोई संबंध नहीं रखने चाहिए और उनके साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए. लेकिन हमारी सरकार की एक नीति है कि हमें बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हर देश के खिलाफ खेलना ही होगा.'
यह भी पढ़ें: क्या इस बार भी एशिया कप ट्रॉफी लेकर भागे मोहसिन नकवी? फाइनल के बाद सामने आई पूरी सच्चाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं