विज्ञापन
This Article is From Apr 13, 2018

पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने दिनेश कार्तिक की तारीफ में कही यह बात

टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने दिनेश कार्तिक की जमकर सराहना की है.

पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने दिनेश कार्तिक की तारीफ में कही यह बात
दिनेश कार्तिक ने बांग्‍लादेश के खिलाफ निधास ट्रॉफी के फाइनल में भारत को यादगार जीत दिलाई थी (फाइल फोटो)
  • कहा, कार्तिक ने जैसी वापसी की, वह अविश्‍वसनीय
  • कार्तिक में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है
  • IPL के केकेआर की कप्‍तानी कर रहे हैं कार्तिक
मुंबई: टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने दिनेश कार्तिक की जमकर सराहना की है. मोरे ने कहा कि बांग्‍लादेश के खिलाफ पिछले महीने त्रिकोणीय सीरीज में आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाने वाले कार्तिक ने जिस तरह वापसी की है, वह अविश्वसनीय है. आईपीएल 2018 में कार्तिक शाहरुख खान के स्‍वामित्‍व वाली कोलकाता नाइटराइडर्स टीम की कप्‍तानी कर रहे हैं. कार्तिक ने टी20 त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को बांग्लादेश पर जीत दिलाई थी.मोरे ने कहा,‘कार्तिक ने शानदार वापसी की है. मैं थोड़ा नाखुश था जब उसने विकेटकीपिंग छोड़कर बतौर बल्लेबाज खेलना शुरू किया.’उन्होंने कहा,‘मैंने उससे कई बार पूछा कि क्या हो रहा है. फिर महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उसने बतौर विकेटकीपर वापसी की.’ मोरे महान हरफनमौला वीनू मांकड़ के जन्मदिन पर क्रिकेट क्लब आफ इंडिया में लीजेंड्स क्लब की बैठक में बोल रहे थे. उन्होंने कहा,‘धोनी जिस समय सभी प्रारूपों में खेल रहे थे, उस समय उसने विकेटकीपिंग छोड़ दी थी. विकेटकीपर का जीवन आसान नहीं होता लेकिन उसने जिस तरह से वापसी की , वह अविश्वसनीय है. उसने काफी इंतजार किया. उसके पास प्रतिभा की कमी नहीं थी.’

वीडियो: गावस्‍कर ने इस अंदाज में की विराट कोहली की तारीफ
कार्तिक के नेतृत्‍व में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम का प्रदर्शन ठीकठाक रहा है. कोलकाता ने पहले मैच में विराट कोहली के नेतृत्‍व वाली आरसीबी को पराजित किया था. हालांकि टूर्नामेंट के दूसरे मैच में केकेआर को धोनी की कप्‍तानी वाली चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स से हार का सामना करना पड़ा था. (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kiran More, Dinesh Karthik, IPL 2018
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com