विज्ञापन

ICC को मिला नया उपाध्यक्ष, चेयरमैन जय शाह के साथ मिलकर संभालेंगे जिम्मेदारी

जिम्बाब्वे क्रिकेट के अध्यक्ष तवेंगवा मुकुहलानी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. उन्होंने सिंगापुर के इमरान ख्वाजा की जगह ली है.

ICC को मिला नया उपाध्यक्ष, चेयरमैन जय शाह के साथ मिलकर संभालेंगे जिम्मेदारी
तवेंगवा मुकुहलानी और जय शाह
IANS

जिम्बाब्वे क्रिकेट के अध्यक्ष तवेंगवा मुकुहलानी को गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया. उन्होंने सिंगापुर के इमरान ख्वाजा की जगह ली है. आईसीसी के निदेशक बोर्ड ने मुकुहलानी के नाम को मंजूरी दी. वह नवंबर 2027 तक इस पद पर रहेंगे. आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि ख्वाजा के जाने के बाद जिम्बाब्वे क्रिकेट के अध्यक्ष और आईसीसी बोर्ड में उसके प्रतिनिधि मुकुहलानी ने बोर्ड से उनका स्थान लिया है.

वर्ल्ड कप मेजबानी की तैयारी के बीच मिली जिम्मेदारी

आईसीसी ने कहा, 'मुकुहलानी फिलहाल आईसीसी की वित्त एवं वाणिज्यिक मामलों की समिति (एफएंडसीए) और नामांकन समिति के सदस्य हैं. वह मानव संसाधन एवं पारिश्रमिक समिति के अध्यक्ष भी हैं.' यह नियुक्ति अफ्रीकी क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण समय में हुई है. जिम्बाब्वे 2027 में दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है.

नए उपाध्यक्ष की नियुक्ती पर क्या बोले जय शाह?

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, 'मैं तवेंगवा मुकुहलानी को आईसीसी के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए हार्दिक बधाई देता हूं. क्रिकेट प्रशासन में उनका अनुभव, वैश्विक खेल की समझ और इसके विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आईसीसी बोर्ड के लिए बेहद उपयोगी होगी.' शाह ने कहा, 'तवेंगवा ने अपने साथी निदेशकों का भरोसा हासिल किया है. मैं उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं ताकि हमारे सदस्यों के बीच क्रिकेट को मजबूत किया जा सके और दुनिया भर में इस खेल के विकास के लिए अधिक मौके पैदा किए जा सकें.'

उन्होंने कहा कि मुकुहलानी का चुनाव जिम्बाब्वे के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है क्योंकि वह उपाध्यक्ष बनने वाले पहले जिम्बाब्वे के नागरिक हैं. मुकुहलानी ने कहा, 'मैं अपने अध्यक्ष जय शाह के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं. उनके नेतृत्व, ऊर्जा और महत्वाकांक्षा ने आईसीसी को एक स्पष्ट उद्देश्य दिया है. इसमें क्रिकेट के विकास, हमारे सदस्यों के लिए अवसर पैदा करने और नए दर्शकों तथा बाजारों तक पहुंच बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.'

उन्होंने कहा, 'क्रिकेट एक रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है, खासकर ओलंपिक खेलों में इसकी वापसी और लगातार वैश्विक विस्तार के साथ. मैं अध्यक्ष जय शाह और बोर्ड के साथी निदेशकों का सहयोग करने तथा हमारी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं, ताकि वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के सर्वोत्तम हितों की सेवा की जा सके.'

ये भी पढ़ें-  वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला या नहीं? अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच में इंडिया की प्लेइंग-11 में कौन-कौन?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com