विज्ञापन

अपने पर भरोसा और कड़ी मेहनत..टीम इंडिया के चैंपियन खिलाड़ियों ने बता दिया कैसे जीता खिताब

इस जीत के बाद टीम के उप-कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर मुश्किल वक्त में अपनी मानसिक मजबूती का परिचय दिया. जीत के बाद उनके तेवर देखने लायक थे. हार्दिक ने अपने भविष्य के इरादे साफ करते हुए कहा, 'अभी मेरा आधा करियर बाकी है.

अपने पर भरोसा और कड़ी मेहनत..टीम इंडिया के चैंपियन खिलाड़ियों ने बता दिया कैसे जीता खिताब
विश्व विजेता बनने पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने बयां की अपनी खुशी
NDTV

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी भावनाओं को साझा किया, जिसमें अभिषेक शर्मा ने आलोचनाओं के बीच कोच के भरोसे को जीत का आधार बताया.भारत ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद मैदान पर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा. टीम इंडिया की इस जीत के दो सबसे बड़े नायक, अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या, अपनी मेहनत और संघर्ष को याद कर भावुक नजर आए.

'बाहरी दुनिया से कट गया था, कोच ने थामे रखा हाथ'

टूर्नामेंट की शुरुआत में खराब फॉर्म से जूझने वाले अभिषेक शर्मा ने फाइनल में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबको खामोश कर दिया. जीत के बाद उन्होंने कहा, 'टूर्नामेंट के दौरान जब वे रन नहीं बना पा रहे थे, तो वे सोशल मीडिया और मोबाइल फोन से पूरी तरह दूर हो गए थे. उन्होंने ईमानदारी से स्वीकार किया, 'एक समय था जब मुझे खुद पर डाउट होने लगा था, लेकिन मेरे कोच और कप्तान का भरोसा कभी कम नहीं हुआ.' अभिषेक के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वे बड़े मैच के खिलाड़ी हैं और आज उन्होंने वह साबित कर दिखाया.

हार्दिक पांड्या बोले- अभी तो आधा करियर बाकी है, 10 ट्रॉफियां और जीतनी हैं

वहीं, टीम के उप-कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर मुश्किल वक्त में अपनी मानसिक मजबूती का परिचय दिया. जीत के बाद उनके तेवर देखने लायक थे. हार्दिक ने अपने भविष्य के इरादे साफ करते हुए कहा, 'अभी मेरा आधा करियर बाकी है. मैं यहां रुकने वाला नहीं हूं, मुझे कम से कम 10 और ट्रॉफियां जीतनी हैं.' उन्होंने अपनी फिटनेस और वापसी का श्रेय अपने ट्रेनर और सपोर्ट टीम को दिया, जिन्होंने कठिन समय में उनका साथ दिया. हार्दिक ने कहा कि उन्हें मैच से एक दिन पहले ही आभास हो गया था कि भारत चैंपियन बनेगा. उन्होंने कहा, 'मुझे खुद पर और टीम पर पूरा सेल्फ बिलीफ था.'

यह सपने जैसा लग रहा: संजू सैमसन

विश्व विजेता बनने के बाद संजू सैमसन ने कहा, 'यह एक सपने जैसा लग रहा है. मैं बहुत खुश हूं. मेरे पास शब्द नहीं हैं. जब मैं 2024 वर्ल्ड कप टीम में था, जहां मैं नहीं खेला था, मैं सोचता रहा, काम करता रहा और यही मैं करना चाहता था. NZ सीरीज के बाद मैं टूट गया था, मेरे सपने पूरी तरह से टूट गए थे और मैं सोच रहा था कि मैं क्या कर सकता हूं. लेकिन भगवान की कुछ और ही योजना थी.  पुराने खिलाड़ियों मेरी मदद करने की कोशिश की. पिछले कुछ महीनों से, मैं सचिन सर के लगातार संपर्क में हूं. मैंने उनसे बातें कीं. उनके जैसे किसी से गाइडेंस मिलना, इससे ज्यादा आप और क्या मांग सकते हैं? मैं उन सभी का बहुत शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मेरा साथ दिया.

स्मार्ट गेम खेला और जीते: जसप्रीत बुमराह

विश्व विजेता बनने के बाद जसप्रीत बुमराह ने कहा कि अपने होम ग्राउंड पर पिछला फाइनल हारने के बाद आज जीत हासिल करना उनके लिए बेहद खास और सुकून देने वाला है. उन्होंने स्वीकार किया कि सपाट पिच की चुनौती को देखते हुए उन्होंने बहुत ज्यादा प्रयास करने के बजाय अपने अनुभव पर भरोसा किया और खेल को अपने अनुसार चलने दिया. बुमराह ने अपनी गेंदबाजी रणनीति का खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी स्लोअर बॉल्स का चतुराई से इस्तेमाल किया क्योंकि बहुत तेज गेंदबाजी बल्लेबाजों के लिए शॉट बनाना आसान कर रही थी. उन्होंने कहा हम कभी पैनिक नहीं हुए. हमने अपना सिर पानी से ऊपर रखा. जो टीमें ऐसा करती हैं, वे टूर्नामेंट जीतती हैं और मुझे बहुत खुशी है कि हमने ऐसा किया.

टीम के साथ होगी ग्रैंड पार्टी: तिलक वर्मा

वहीं तिलक वर्मा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए टीम की लंबी तैयारी और लचीलेपन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि टीम पिछले डेढ़ साल से कड़ी मेहनत कर रही थी. हमने टीम के लिए किसी भी पोजीशन पर बैटिंग करने की तैयारी की है. हम इसके लिए तैयार हैं और किसी भी पोजीशन पर बैटिंग करने के लिए सही माइंडसेट में हैं. आज भी मैं यह नहीं कहूंगा कि यह बेस्ट फील्डिंग थी, लेकिन हमने कुछ अच्छे कैच लिए और आखिर में मैं खुश हूं कि हम फाइनल जीत गए. अगले कुछ दिन साथियों के साथ एक बड़ी पार्टी होगी.

कई आइडिया हैं, जिन पर रील बनाऊंगा: अर्शदीप

तेज गेंदबाज अर्शदीप ने जीत के बाद कहा कि मैंने अभी मिशेल से माफी मांगी. जब मैंने बॉल फेंकी तो वह रिवर्स-स्विंग हुई और उन्हें लगी. अभी बहुत अच्छा लग रहा है लेकिन अगले 2-4 दिनों में इमोशन्स डूब जाएंगे. यह एक बहुत अच्छी टीम है जिसमें बहुत सारे मैच-विनर हैं. हमारा रोल है कि अगर हम 250 रन बनाते हैं तो उन्हें 250 से कम पर रोकें और जब पहले बॉलिंग करें, तो बस उन्हें जितना हो सके कम पर रोकें. जब अर्शदीप से पूछा गया कि वो आज किस टॉपिक पर रील बनाएंगे, तो उन्होंने कहा कि उनके पास कई सारे आइडिया हैं, जब फोन लेकर आएंगे तो उनपर ही काम करेंगे.

बड़े छक्के मारना था मेरा रोल: शिवम दुबे

शिवम दुबे ने कहा कि हमेशा कुछ बड़े छक्के मारना था. टूर्नामेंट के पहले दिन से ही मेरा यही रोल था. मैं हमेशा खुद पर भरोसा करता हूं और सोचता हूं कि जब भी मुझे मौका मिलेगा, मैं कुछ छक्के मारूंगा. मैंने अपनी बॉलिंग में बहुत डेवलपमेंट किया है, लेकिन यह इस टूर्नामेंट से नहीं हुआ. उम्मीद है कि भविष्य में बेहतर करूंगा.' (खबर अनुभव शाक्य ने लिखी है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com