T20 World Cup 2026 Updated Points Table Super 8 Equation; WI vs ENG: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पॉइंट्स टेबल का गणित लगातार बदल रहा है. 11 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों के बाद कई टीमों की जहग में उथल-पुथल हुई है. खासकर इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है, जिससे उसकी सुपर-8 में पहुंचने की राह कठिन होती दिख रही है.
ग्रुप C में इंग्लैंड को झटका, वेस्टइंडीज टॉप पर
ग्रुप C में इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन से हार का सामना करना पड़ा. इस हार ने उसे सुपर-8 की दौड़ में पीछे धकेल दिया है. इस ग्रुप में कुल पांच टीमें हैं और टॉप-2 को ही सुपर-8 में जगह मिलेगी. वेस्टइंडीज ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर 4 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. वहीं इंग्लैंड और स्कॉटलैंड ने अब तक दो-दो मैच खेले हैं और दोनों के 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर रन रेट के चलते स्कॉटलैंड इंग्लैंड से ऊपर है और नेपाल और इटली अभी तक जीत का खाता नहीं खोल सके हैं.
ग्रुप D में जीत के बावजूद दक्षिण अफ्रीका दूसरे नंबर पर
ग्रुप D में दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें दो सुपर ओवर देखने को मिले. आखिरकार दक्षिण अफ्रीका ने मैच जीत लिया. हालांकि जीत के बावजूद वह अंक तालिका में शीर्ष पर नहीं पहुंच सकी. न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका दोनों के 4-4 अंक हैं, लेकिन न्यूजीलैंड का नेट रन रेट 1.919 है, जो दक्षिण अफ्रीका के 1.425 से बेहतर है. इसी वजह से न्यूजीलैंड पहले स्थान पर कायम है.
ग्रुप B में ऑस्ट्रेलिया ने मारी बाजी
ग्रुप B में ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला मुकाबला जीतते ही तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. शुरुआती जीत ने टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है.
ग्रुप A: पाकिस्तान आगे, भारत के पास मौका
ग्रुप A में पाकिस्तान ने अपने दोनों मैच जीतकर 4 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया हुआ है. हालांकि भारत ने अभी तक सिर्फ एक मैच खेला है, लेकिन उसका नेट रन रेट काफी बेहतर है. अगर भारत अपने अगले मुकाबले में नामीबिया को हराता है, तो वह पाकिस्तान को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंच सकता है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हर मुकाबले के साथ अंक तालिका का स्वरूप बदल रहा है. सुपर-8 में जगह बनाने की जंग अब और भी दिलचस्प होती जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं