Suryakumar Yadav on Next Mission After Win T20 World Cup 2026 Trophy: भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया. इस जीत के बाद सूर्या ने बताया है कि उन्हें अपने खिलाड़ियों की क्षमता का पता है. इसके साथ ही उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह को सराहा है. रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की शानदार पारियों के दम पर 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में 159 रन पर सिमट गई. भारत ने मुकाबला 96 रन से अपने नाम किया.
कप्तान सूर्या का अब अगला मिशन क्या?
सूर्यकुमार यादव ने कहा, 'मेरा अगला लक्ष्य 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में ओलंपिक गोल्ड जीतना है. साथ ही, उसी साल हमें अपने टी20 वर्ल्ड कप खिताब का बचाव भी करना है. इसे भूलिएगा मत.' सूर्या के इस बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कम-से-कम अगले दो साल वह कहीं नहीं जाने वाले हैं.
सूर्यकुमार यादव को टी20 विश्व कप 2024 के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी सौंपी गई थी. उनका लक्ष्य 2026 में खिताब को अपने घरेलू दर्शकों के सामने बचाना था, और इसमें वह सफल रहे. सूर्यकुमार आईसीसी के पूर्ण सदस्य देशों वाले कप्तानों में सबसे सफल कप्तान बन गए हैं. कुल 52 टी20 मैचों में उन्होंने कप्तानी की है, जिनमें टीम इंडिया ने 42 मैच जीते हैं. 8 मैचों में हार मिली है, और 2 मैचों का परिणाम नहीं आया है. सूर्या की जीत का प्रतिशत 80.77 है. दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं.
टी20 विश्व कप 2026 के पहले मैच में यूएसए के खिलाफ नाबाद 84 रन की पारी खेल टीम इंडिया को जीत दिलाने वाले सूर्या बाद के मैचों में बेशक बड़ी पारियां न खेल पाए हों, लेकिन उनकी छोटी पारियों ने कई मैचों में टीम को संभाला और बड़े स्कोर की नींव रखी. सूर्यकुमार यादव ने विश्व कप की 9 मैचों की पारियों में 30.25 की औसत से 242 रन बनाए. सैमसन और ईशान के बाद वह टीम के तीसरे श्रेष्ठ स्कोरर रहे.
यह एक लंबा सफर रहा है - सूर्या
भारत को टी20 वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले तीसरे कप्तान बनने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, "यह एक लंबा सफर रहा है. इसकी शुरुआत टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद हुई थी. जय शाह और रोहित शर्मा ने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे टीम की अगुआई करने का मौका दिया. वहां से यह लंबा सफर शुरू हुआ और यहां आकर ट्रॉफी जीतना शानदार है.
पिछले दो वर्षों में हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे थे और हम बस वही अच्छी क्रिकेटिंग आदतें जारी रखना चाहते थे जो 2024 वर्ल्ड कप में थीं. खिलाड़ियों ने इसे बहुत अच्छे से अपनाया."खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखने को लेकर कप्तान सूर्या ने कहा, "यह समझना बहुत जरूरी होता है कि खिलाड़ी क्या करने में सक्षम हैं. मुझे पता था कि उनमें मैच जिताने की क्षमता है. सही समय पर उन्होंने कमाल किया. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बेहतरीन खिलाड़ी हैं और हमें पता था कि वे कुछ खास करेंगे, और उन्होंने फाइनल में वही किया."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं