विज्ञापन

T20 की कप्तानी से सूर्यकुमार यादव की छुट्टी तय, आयरलैंड दौरे के लिए मिलेगा नया कप्तान - सूत्र

खबर यह भी आ रही है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए सूर्यकुमार यादव के नाम पर बतौर खिलाड़ी भी चयन के लिए विचार नहीं किया जाएगा

T20 की कप्तानी से सूर्यकुमार यादव की छुट्टी तय, आयरलैंड दौरे के लिए मिलेगा नया कप्तान - सूत्र
वर्तमान भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव
source: social media

Suryakumar Yadav's is likely to remove as captain: अब जबकि अगले कुछ दिनों के भीतर ही आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का चयन होने जा रहा है, तो सूत्रों के हवाले बहुत बड़ी खबर आ रही है. यादव की कप्तानी में करीब तीन महीने पहले ही भारत ने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता था. सूत्रों के अनुसार अजीत अगरकर एंड कंपनी ने टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी से छुट्टी का मन बना लिया है. और इन दोनों ही दौरों के लिए नए भारतीय कप्तान का ऐलान किया जाएगा. वैसे सूर्यकुमार यादव को पिछले साल से लेकर ही बहुत ज्यादा चर्चा चल रही थी. इसके पीछे वजह यह थी कि टीम इंडिया जीत तो रही थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रहे थे. पिछले साल  हालात तो यहां तक पहुंच गए थे कि सूर्यकुमार 21 पारियों में 15 का औसत भी नहीं निकाल सके थे. इसी के बाद यह बहस अगले स्तर पर पहुंच गई थी कि सूर्यकुमार को भारतीय टीम का कप्तान बने रहना चाहिए या नहीं. 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), टीम प्रबंधन और चयन समिति के साथ परामर्श करके नए सीजन के लिए लिए एक नए कप्तान की नियुक्ति करेगा. शीर्ष अधिकारी के अनुसार,'चयन समिति, BCCI और टीम प्रबंधन ने कोच गौतम गंभीर के साथ विचार-विमर्श करके यह फैसला लिया है कि भारत को अब से एक नए कप्तान के साथ आगे बढ़ना चाहिए. सूर्या की कप्तानी में टीम ने टी20 विश्व कप जरूर जीता, लेकिन उनके फॉर्म और भविष्य को ध्यान में रखते हुए, उन्हें लगा कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है.' सूत्रों के अनुसार, 'उनके नाम पर चयन के लिए भी विचार नहीं किया जाएगा, और यह फैसला जल्द ही सूर्या को बता दिया जाएगा.'

भारतीय टीम इंग्लैंड में पांच टी20 मैच खेलने से पहले आयरलैंड में दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी. पिछले बहुत ही लंबे समय से सूर्या का फॉर्म एक बड़ी चिंता का विषय था और उन्होंने पिछले दो वर्षों में खराब फॉर्म के एक लंबे दौर का सामना किया है. साथ ही आईपीएल 2026 सीजन में भी उनका प्रदर्शन काफी गिर गया था.  हालांकि, उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतक के साथ अपने सीजन का अंत किया, लेकिन सूर्या इस सीजन में 13 पारियों में केवल 270 रन ही बना सके थे. इसमें उनका औसत 20.76 का रहा. सूर्यकुमार यादव ने भले ही उन्होंने मार्च में भारत को उनके तीसरे टी20 विश्व कप खिताब तक पहुँचाया, लेकिन सूर्या की बल्लेबाजी की कड़ी समीक्षा की जा रही थी. साल 2024 में वेस्टइंडीज में विश्व कप जीत के बाद रोहित शर्मा के इस प्रारूप से संन्यास लेने के बाद सूर्या को भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी.
 

यह भी पढ़ें:  'विराट के साथ कोई तुलना नहीं', कोहली के कोच राजकुमार की सूर्यवंशी को अहम सलाह

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com