विज्ञापन

हैदराबाद में सनराइजर्स का हल्ला बोल, पंजाब के खिलाफ बड़ा धमाका, चेन्नई का सुपर कारनामा स्वाहा

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. वह आईपीएल में एक मैदान पर किसी टीम के खिलाफ सर्वाधिक जीत हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई है.

हैदराबाद में सनराइजर्स का हल्ला बोल, पंजाब के खिलाफ बड़ा धमाका, चेन्नई का सुपर कारनामा स्वाहा
Sunrisers Hyderabad

आईपीएल 2026 (IPL 2026) का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. जारी टूर्नामेंट का एक रोमांचक मुकाबला बीते कल (छह मई) को सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच हैदराबाद में खेला गया. जहां हैदराबाद की टीम 33 रनों के अंतर से जीत हासिल करने में कामयाब रही. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली इस जीत के साथ ही एसआरएच की टीम ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली है. फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट के दौरान एक मैदान पर किसी टीम के खिलाफ सर्वाधिक जीत हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई है. पहले स्थान पर मुंबई इंडियंस का नाम आता है. जिन्होंने कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में सर्वाधिक 11 मैच जीते हैं. एमआई के बाद दूसरे स्थान पर केकेआर को सीएसके को पछाड़ते हुए अब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आ गई है. एसआरएच ने राजीव गांधी अंतरराष्‍ट्रीय स्‍टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ कुल 10 मुकाबले अपने नाम किए हैं. 

आईपीएल के दौरान एक मैदान पर किसी टीम के खिलाफ सर्वाधिक जीत हासिल करने वाली टीम 

11 मैच - वानखेड़े स्टेडियम - एमआई - बनाम केकेआर (13 मैच)
10 मैच - राजीव गांधी अंतरराष्‍ट्रीय स्‍टेडियम - एसआरएच - बनाम पीबीकेएस (11 मैच)
09 मैच - ईडन गार्डन्स - केकेआर - बनाम पीबीकेएस (15 मैच)
09 मैच - एमए चिदंबरम स्टेडियम - सीएसके - बनाम केकेआर (13 मैच)

आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में एसआरएच ने पंजाब को हराया

आईपीएल के 19वें सीजन का 49वां मुकाबला बीते बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया. जहां हैदराबाद की टीम 33 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही. अपने पिछले 11 में से 7 मैच जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद 2 स्थान की छलांग के साथ प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है, जबकि लगातार तीसरा मैच गंवाने के बाद पंजाब किंग्स लुढ़ककर दूसरे पायदान पर आ गई है. इस टीम ने 10 में से 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं.

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए थे. सलामी जोड़ी के रूप में अभिषेक शर्मा ने ट्रेविस हेड के साथ 21 गेंदों में 54 रन की साझेदारी की. अभिषेक 13 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े. ट्रेविस 19 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए.

एसआरएच 84 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी. यहां से ईशान किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया. ईशान 32 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे.

नितीश रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 63 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. क्लासेन 43 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 69 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नितीश रेड्डी ने 13 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ नाबाद 29 रन बनाए. विपक्षी खेमे से अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाक ने 1-1 विकेट निकाला.

इसके जवाब में पंजाब किंग्स निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी. इस टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. पीबीकेएस ने 1.1 ओवरों में महज 4 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे.

इसके बाद कूपर कॉनली ने मोर्चा संभाला. उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (5) के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 रन जोड़े, जबकि मार्कस स्टोइनिस (28) के साथ 20 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की. इस टीम को 63 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद कॉनली ने सूर्यांश शेडगे के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन जोड़कर टीम को परेशानी से निकालने की कोशिश की. सूर्यांश ने 17 गेंदों में 25 रन की पारी खेली.

कूपर कॉनली ने 19.4 ओवर में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. कॉनली 59 गेंदों में 8 छक्कों और 7 चौकों के साथ 107 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी खेमे से शिवांग कुमार और पैट कमिंस ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि नितीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हसन ने 1-1 विकेट निकाला. (आईएएनएस इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- रिकी पोंटिंग ने बताया उस खिलाड़ी का नाम, जो लगातार खराब फील्डिंग कर पंजाब को हरा रहा है मैच


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com