भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में हुआ सीरीज का दूसरा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ. इस ड्रॉ से भारत के आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की संभावनाओं को गहरा झटका लगा है. टीम इंडिया के अब सात टेस्ट बचे हैं और उसमें से छह उसे जीतने होंगे. कोलंबो टेस्ट के लिए टीम मैनेजमेंट ने बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप करने का फैसला लिया था. लेकिन आखिरी दिन जब टीम इंडिया को चार विकेट चाहिए थे, भारतीय गेंदबाज उसे निकाल नहीं पाए और कप्तान से लेकर फैंस तक सबको कुलदीप की याद आई. वहीं अब सुनील गावस्कर ने मैनेजमेंट के इस फैसले पर अपना फैसला सुनाया है.
कुलदीप यादव गॉल में हुए पहले मुकाबले में सिर्फ एक विकेट ले पाए थे. ऐसे में उन्हें ड्रॉप किया गया और उनकी जगह सारांश जैन को मौका मिला. सारांश जैन ने अपना डेब्यू किया. श्रीलंका इलेवन में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों के चलते सारांश की जगह समीकरण के तहत होती थी. लेकिन ऐसी पिच जिस पर आखिरी दिन गेंद टर्न हो रही थी, सारांश भी विकेट नहीं ले पाए. कोलंबो में आखिरी दिन भारत को चार विकेट चाहिए थे और मिले सिर्फ दो.
सुनील गावस्कर ने मिड-डे के अपने कॉमल में लिखा है कि टीम को कुलदीप की कमी खली. गावस्कर ने लिखा,"कुलदीप यादव की कमी भी खली, क्योंकि एक अच्छा रिस्ट स्पिनर अक्सर निचले क्रम के बल्लेबाजों को बहुत जल्दी आउट कर सकता है. जब विरोधी टीम के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हों, तो टीम में अच्छी यॉर्कर फेंकने वाला तेज गेंदबाज होना भी बहुत फायदेमंद होता है. इसलिए बुमराह की बहुत कमी महसूस हुई, खासकर तब जब दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन बल्लेबाजों ने भारत को रोक दिया."
गावस्कर ने आगे लिखा,"इसके बावजूद, सोनल दिनुशा भविष्य में श्रीलंकाई टीम के लिए एक बेहतरीन खिलाड़ी साबित हो सकते हैं. हां, दूसरे सीज़न में ही पता चलेगा कि वह असल में कितने अच्छे खिलाड़ी हैं, क्योंकि तब तक गेंदबाज़ उनकी बैटिंग के वीडियो को अच्छी तरह देख चुके होंगे और उनकी खूबियों और कमज़ोरियों को बेहतर ढंग से समझ चुके होंगे. हमने कामिंदु मेंडिस और उससे पहले माइक हसी के मामले में देखा है कि जब दुनिया को आपकी बैटिंग के बारे में थोड़ी जानकारी हो जाती है, तो लगातार अच्छा स्कोर करना कितना मुश्किल होता है. अब उनका स्वभाव और थोड़ी-बहुत किस्मत ही तय करेगी कि वह कितना आगे जाते हैं."
यह भी पढ़ें: श्रीलंका दौरा खत्म, अब किससे भिड़ेगी टीम इंडिया, घर पर मेहमान बनेगा भारत
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान का अध्याय अब पूरी तरह समाप्त' ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद मोहम्मद आमिर का बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं