महिला एशिया कप टी20 के दूसरे सेमीफाइनल में शुक्रवार को श्रीलंका ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है. अब खिताबी मुकाबले में 13 सितंबर को श्रीलंकाई टीम का सामना भारत से होगा, जिससे टूर्नामेंट के दो सबसे मजबूत दावेदारों के बीच एक रोमांचक फाइनल देखने को मिलेगा. यह मुकाबला पिछले एडिशन के फाइनल जैसा ही होगा.
हर्षिता और कविशा ने संभाली कमान
दरअसल, पाकिस्तान से मिले 131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने कुछ मुश्किल पलों का सामना किया और आठ गेंदें बाकी रहते जीत हासिल की. 6.2 ओवर में 33/4 के स्कोर से उबरते हुए, श्रीलंका की वापसी की कमान हर्षिता समरविक्रमा (31 गेंदों में 36 रन) और कविशा दिलहारी (33 गेंदों में 33 रन) ने संभाली, जिन्होंने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की.
काम नहीं आई कप्तान फातिमा सना की मेहनत
पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कुल चार विकेट चटकाए. फातिमा (4/32) ने एक ही ओवर में दोनों बल्लेबाजों को आउट कर दिया, जिससे श्रीलंका का स्कोर 109/6 हो गया और उन्हें आखिरी तीन ओवरों में 22 रनों की जरूरत थी. इसके बाद नीलाक्षिका सिल्वा (13 नाबाद) और कौशिनी नुथ्यांगना (14 नाबाद) ने संयम बनाए रखा और लक्ष्य हासिल कर लिया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए, पाकिस्तान का स्कोर 10 ओवर के अंदर 52/4 हो गया था, लेकिन कप्तान सना की नाबाद 47 रन (36 गेंद) की पारी ने उन्हें वापसी करने और 130/5 का स्कोर बनाने में मदद की. मेजबान श्रीलंका ने 2024 एडिशन के फाइनल में भारत को आठ विकेट से हराकर अपना पहला एशिया कप खिताब जीता था.
क्या बोलीं श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु?
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद कप्तान चमारी अथापथु ने कहा कि, 'एक बॉलिंग यूनिट के तौर पर हमने अच्छा काम किया, लेकिन कुछ कैच छोड़े. युवा खिलाड़ियों ने जिस तरह से बैटिंग की, वह देश के लिए बहुत अच्छी बात है. उन्होंने दबाव को संभाला, यह मैच जिताने वाली पार्टनरशिप थी. हमारे पास कई मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं और ज़्यादातर खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं. मुझे लगता है कि हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं.
क्या बोलीं पाकिस्तान की कप्तान?
श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने कहा कि, उन्होंने जिस तरह से खेला, उसका श्रेय उन्हें जाता है. आखिर में थोड़ी मिसफील्डिंग हुई और उसका हमें नुकसान उठाना पड़ा. हमें बैटिंग में सुधार करने की जरूरत है और उम्मीद है कि अगली बार हम बेहतर तैयारी के साथ आएंगे.
अब श्रीलंका का सामना हरमनप्रीत कौर की टीम से होगा, जो अपना आठवां खिताब जीतकर रिकॉर्ड को और आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है. भारत का इस टूर्नामेंट में दबदबा रहा है और उन्होंने लगातार चार मैच जीते हैं. उन्होंने ग्रुप स्टेज में तीन जीत के साथ टॉप किया और फिर सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रनों से हराया.
ये भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह ने ली वैभव सूर्यवंशी की कड़ी परीक्षा, अफगानिस्तान सीरीज से पहले गुड न्यूज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं