अपने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन से खिताब के दावेदारों में शामिल हुई सनराइजर्स हैदराबाद की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ रविवार को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मैच में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने के लिए किसी तरह की कसर नहीं छोड़ेगी. सनराइजर्स की टीम लगातार पांच मैच जीत चुकी है और अंकतालिका में नौ मैचों में 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है. उसने अब तक छह मैच जीते हैं जबकि तीन मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है. दूसरी ओर अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में कोलकाता की टीम अभी तक संघर्ष करती रही है, लेकिन उसने अपने आखिरी दो मैच जीते हैं. दस टीमों के इस टूर्नामेंट में वह आठवें स्थान पर है.
विस्फोटक फॉर्म में हैदराबाद के बल्लेबाज
सनराइजर्स के पास टूर्नामेंट में अभी तक सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे और तीसरे स्थान पर काबिज अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन हैं. ईशान किशन के रूप में सनराइजर्स के पास एक और विस्फोटक बल्लेबाज है जो किसी भी दिन अपने दम पर मैच का रुख बदल सकता है और उन्होंने इस सत्र में इसे साबित भी किया है. ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने भी सनराइजर्स के पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 76 रन बनाकर फॉर्म में शानदार वापसी की. उनकी इस पारी की बदौलत सनराइजर्स ने 18.4 ओवर में छह विकेट शेष रहते 243 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर दिया.
नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा ने जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया है. सनराइजर्स की मजबूत बल्लेबाजी को देखते हुए केकेआर कि गेंदबाजों को उन पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे. सनराइजर्स की गेंदबाजी की बात करें तो कप्तान पैट कमिंस की वापसी से उसे मजबूती मिली है. उनके अलावा प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा, रेड्डी और साकिब हुसैन भी अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा रहे हैं.
रहाणे का फ्लॉप प्रदर्शन
सनराइजर्स ने इन दोनों टीम के बीच खेले गए पिछले मैच में 65 रन से जीत हासिल की थी जिससे वह अधिक आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी. कोलकाता की टीम को अभी तक पांच मैच में हार का सामना करना पड़ा जबकि इसका एक मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था. कोलकाता ने 2025 में निराशाजनक अभियान के बावजूद रहाणे को कप्तान बनाए रखा लेकिन यह बल्लेबाज अभी तक टीम को प्रेरित करने में नाकाम रहा है. उन्होंने एक बल्लेबाज के रूप में टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन कप्तान के रूप में उनके कुछ फैसले संदिग्ध रहे हैं.
कैसा रहेगी पिच
मैच 3 बजे शुरू होगा. ऐसे में गर्मी अधिक रहने वाली है. दोपहर में टेम्परेचर 40 डिग्री तक रहने का अनुमान है. यह गेम पिच नंबर-3 पर खेला जाएगा, जिसका इस्तेमाल इस सीज़न में राजस्थान और चेन्नई के खिलाफ मैच के लिए पहले ही किया जा चुका है. हालांकि दोनों मैच लाइट्स में खेले गए, लेकिन पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने उन्हें जीता. इसका मतलब यह हो सकता है कि पिच धीमी होगी, लेकिन जैसा कि हाल का इतिहास बताता है, IPL में मीडियम टोटल की यह गारंटी नहीं है. हैदराबाद में तो बिल्कुल नहीं.
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
हैदराबाद और कोलकाता के बीच अब तक खेले गए 31 मुकाबलों में कोलकाता ने 20 में जीत दर्ज की है. हैदराबाद को 11 मैचों में सफलता मिली है. हालांकि IPL 2026 में हैदराबाद की बल्लेबाज़ी इकाई विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, इशान किशन (विकेट कीपर), हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, प्रफुल हिंगे, इशान मलिंगा
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सेफर्ट (विकेट कीपर), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती.
यह भी पढ़ें: SRH vs KKR IPL 2026: हैदराबाद ये तीन 'तिलंगे' ही काफी हैं, आंकड़ों से जानें पूरी कहानी केकेआर का बचना आज बहुत मुश्किल
यह भी पढ़ें: CSK का तहलका, मुंबई को 8 विकेट से रौंदा रचा इतिहास, आईपीएल में ऐसा करने वाली पहली टीम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं