दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत की टीम में ऋषभ पंत को शामिल किए जाने पर हैरानी जाहिर की है. 42 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर को लगा कि आईपीएल के दौरान पंत में ऊर्जा और आत्मविश्वास की कुछ कमी दिख रही थी. इसके बावजूद वह टीम इंडिया में उनका चयन होना चौंकाता है.बहरहाल, उम्मीद है कि वह सीरीज में वापसी करेंगे.वहीं, डिविलियर्स ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद 33 साल की उम्र में सारांश जैन को मौका मिलने पर भी खुशी जताई और इसे "शानदार" बताया.
अपने यूट्यूब चैनल पर उन्होंने कहा, 'पंत को शामिल किया गया है, जो मेरी राय में थोड़ा हैरान करने वाला है. हमें देखना होगा कि उनकी फिटनेस कैसी है और प्रदर्शन करने की उनकी भूख कितनी है क्योंकि आईपीएल के दौरान वह थोड़े कम आत्मविश्वास और कम ऊर्जा वाले लग रहे थे. लेकिन अब वह फिर से भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. और मेरा मानना है कि यह चीज़ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर निकालेगी. मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं. मैं बस उन्हें पूरी तीव्रता के साथ खेलते देखना चाहता हूं.'
उन्होंने आगे कहा, 'हालांकि सबसे बड़ा सरप्राइज सारांश जैन हैं. वह 33 साल के हैं और काफी समय से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल रहे हैं/ आखिरकार उन्हें मौका मिलते देखना बहुत बढ़िया है. वह दाएं हाथ के ऑफ-स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, ठीक वॉशिंगटन सुंदर की तरह.' एबी ने कहा, 'वह काफी समय से खेल रहे हैं और उनकी गेंदबाजी के आंकड़े बेहतरीन हैं. उनका औसत 27 से थोड़ा ऊपर है और स्ट्राइक रेट लगभग 54 का है. जब बीच के ओवरों में गेंद पुरानी हो जाएगी तो वह शुभमन गिल को एक और उपयोगी विकल्प देंगे. उनका बल्लेबाजी रिकॉर्ड भी सम्मानजनक है. इसमें कई अर्धशतक और दो शतक शामिल हैं. मैं उन्हें बल्लेबाजी ऑलराउंडर के बजाय एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में अधिक आंकूंगा.' डिविलियर्स ने जिम्बाब्वे सीरीज के लिए गौतम गंभीर की जगह वीवीएस लक्ष्मण के आने और इससे भारतीय टीम के अंदर के माहौल में बदलाव की संभावना पर भी बात की.
उन्होंने जोड़ा, 'कभी-कभी आपको लगता है कि ब्रेक लेना सही बात है. आप आराम करते हैं, खुद को तरोताजा करते हैं और खुद को मैनेज करते हैं, लेकिन फिर अचानक आपको एहसास होता है कि खिलाड़ी वास्तव में किसी और की मौजूदगी का आनंद ले रहे हैं. मुझे नहीं पता कि इसमें कुछ और गहराई है या नहीं, लेकिन शायद वीवीएस लक्ष्मण, गौतम गंभीर पर थोड़ा दबाव बना रहे हैं और उन्हें जवाब देने के लिए मजबूर कर रहे हैं. समय ही बताएगा.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं