Begusarai Land Dispute Firing: बिहार के बेगूसराय जिले में जमीन विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में कथित तौर पर जमीन पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि 100 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं, जिसमें चार लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भाग रहे दो कथित बदमाशों को पकड़कर पुलिस के सामने ही जमकर पीट दिया. इस दौरान बदमाशों द्वारा छोड़ी गई कई मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की गई. घटना के बाद भारी पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है.
जमीन कब्जे के विरोध पर चली गोलियां
जानकारी के अनुसार, चंदवारा गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. स्थानीय निवासी केवी यादव ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ बीघा जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश की जा रही थी. उनका दावा है कि कथित दबंग पक्ष बड़ी संख्या में लोगों और मजदूरों के साथ जमीन पर पहुंचा था. जब परिवार और ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और फायरिंग शुरू हो गई. ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर 100 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई.

Begusarai Firing: जमीन विवाद को लेकर चली गोली
चार लोगों को लगी गोली
फायरिंग में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान धनवीर यादव, धीरज यादव, संतु यादव और सनोज यादव के रूप में हुई है. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया.
ग्रामीणों ने बदमाशों को खदेड़ा
फायरिंग के बाद जब गांव के लोग बड़ी संख्या में एकजुट हुए तो हमलावर मौके से भागने लगे. इसी दौरान दो लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों की पुलिस के सामने ही जमकर पिटाई की गई. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस ने बाद में दोनों घायलों को ग्रामीणों के चंगुल से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.

Begusarai Firing: पुलिस मौके पर तैनात
10 से अधिक बाइकें छोड़कर भागे आरोपी
ग्रामीणों के विरोध और भीड़ बढ़ने के बाद कई आरोपी अपनी मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर फरार हो गए. घटनास्थल से 10 से अधिक मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं. आक्रोशित ग्रामीणों ने इन बाइकों में तोड़फोड़ भी की. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष, सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों, शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

Begusarai Firing: कई बाइकों को पहुंचाया नुकसान
पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद
परिजनों का कहना है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, वह पुश्तैनी जमीन है और उसके कई हिस्सेदार हैं. आरोप है कि दूसरे पक्ष ने जमीन को अपना बताते हुए कब्जे की कोशिश की. जब उनसे स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो विवाद और बढ़ गया. इसके बाद कथित तौर पर हिंसा और फायरिंग की घटना हुई.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा वीडियो साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.
यह भी पढ़ें : जिस जगह पिता को मारी थी गोली, वहीं 9 साल बाद बेटे की हत्या; मर्डर केस की गुत्थी ने सबको उलझाया
यह भी पढ़ें : बिहार: कनपटी पर थी पिस्टल फिर भी नहीं डरा दुकानदार, 3 बदमाशों से अकेले भिड़ गया
यह भी पढ़ें : Bihar: बेगूसराय में NH-31 पर फिल्मी स्टाइल गैंगवार, 1 KM तक कॉलेज छात्र पर दौड़ा-दौड़ा कर चलाईं गोलियां
यह भी पढ़ें : बेगूसराय में पुलिस पर जानलेवा हमला, ड्यूटी पर जा रहे चौकीदार को सरेआम लात-घूंसों से पीटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं