Shubman Gill on Lose IPL 2026 Final vs RCB: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों 5 विकेट से मिली करारी शिकस्त के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल बेहद निराश नजर आए. मैच के बाद गिल ने साफ तौर पर माना कि टॉप ऑर्डर का फ्लॉप होना टीम की हार का सबसे बड़ा कारण बना. उनका कहना था कि अगर स्कोरबोर्ड पर 180 से 190 रन टंगे होते, तो बेंगलुरु जैसी आक्रामक बैटिंग लाइन-अप के सामने लड़ने का एक मौका जरूर बनता, लेकिन रविवार की रात आरसीबी की आंधी में गुजरात का यह सपना हवा हो गया और बेंगलुरु ने दो ओवर बाकी रहते ही आसानी से ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप, नहीं बनी साझेदारी
शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर जैसे बड़े नामों से सजा गुजरात का टॉप-3 इस बड़े मैच में ताश के पत्तों की तरह ढह गया. तीनों में से कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा तक नहीं छू सका. नतीजा यह हुआ कि गुजरात की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 155 रन ही बना पाई. गिल ने कहा, "शुरुआत में तेज गेंदबाजों को पिच से थोड़ी मदद मिल रही थी, लेकिन हमने लगातार विकेट गंवाए और टीम कभी मोमेंटम हासिल ही नहीं कर सकी."
पावरप्ले में ही आरसीबी ने छीन लिया मैच
156 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तूफानी शुरुआत दी. दोनों ने पावरप्ले के 6 ओवरों में ही 62 रन कूटकर गुजरात की वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिए. गिल ने मैच के बाद की गलतियों पर बात करते हुए कहा, "हमें उम्मीद थी कि अगर पावरप्ले में 1-2 विकेट मिल जाते तो हम मैच में बने रहते, लेकिन वे शुरुआती 6 ओवरों में ही हमसे मैच दूर ले गए. हमने गेंदबाजी में भी 15-20 रन अतिरिक्त दे दिए."
27,450 रन और 1400 से ज्यादा छक्के, आंकड़ों में देखें कैसे IPL 2026 ने बदल दिया क्रिकेट का अंदाज
हार से दुख है, पर लड़कों पर गर्व'
भले ही गुजरात टाइटंस फाइनल की बाजी हार गई हो, लेकिन शुभमन गिल ने अपनी टीम के जुझारूपन की तारीफ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने कहा, "हम इस टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन गेंदबाजी यूनिट्स में से एक रहे. शुरुआती दो मैच हारने के बाद हमने जिस तरह जोरदार वापसी की, मुझे उस पर बहुत गर्व है. हमने पूरे सीजन में खुद को चुनौती दी और सुधार किया. हां, हम ट्रॉफी जीतने से चूक गए, लेकिन क्रिकेट में सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं