दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय शेरनियों के सामने पाकिस्तान ने पूरी तरह से सरेंडर कर दिया. श्री चरणी और प्रेमा रावत ने स्पिन जाल का पड़ोसी बल्लेबाजों के खिलाफ कोई जवाब नहीं था. आलम यह था कि टीम के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए. पाकिस्तान पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18.1 ओवर में सिर्फ 55 पर ऑल-आउट हो गई. इस मुकाबले में निराशाजनक प्रदर्शन के साथ ही पाकिस्तान के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है. 55 रन पाकिस्तान का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक का न्यूनतम स्कोर है.
इससे पहले, साल 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान की पूरी टीम 56 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी. जबकि 2009 में टीम इंग्लैंड के खिलाफ 60 के स्कोर पर पूरी टीम सिमट गई थी. भारत के लिए श्री चरणी ने 4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि प्रेमा रावत ने 4 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट निकाले.
T20I में PAK-W के सबसे कम ऑल-आउट स्कोर
- 55 बनाम भारत दुबई, 2026
- 56 बनाम न्यूजीलैंड, दुबई, 2024
- 60 बनाम इंग्लैंड, टॉनटन, 2009
- 63 बनाम भारत, ग्वांगझू, 2012
- 65 बनाम वेस्टइंडीज, सेंट एंड्रयूज, 2011
- 72 बनाम श्रीलंका, कोलंबो (NCC), 2018
महामुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े. मुनीबा 13 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि जुल्फिकार 14 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गईं. इसके बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई. गुल फिरोजा बिना खाता खोले आउट हुईं. आयशा जफर सिर्फ 2 रन बना सकीं, जबकि सदाफ शमास 3 रन पर क्लीन बोल्ड हुईं. कप्तान फातिमा सना भी कोई रन नहीं बना पाईं और दीप्ति शर्मा का शिकार बनीं.
मध्यक्रम में भी कोई बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सकी. एमान फातिमा ने 5 रन और उम्म-ए-हानी ने 6 रन बनाए. तूबा हसन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. टीम की 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सकीं. और पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर सिमट गई.
भारत की स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। श्री चरणी ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट लिए. प्रेमा रावत ने भी 3 बल्लेबाजों को आउट किया और 9 रन दिए. दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में केवल 5 रन देकर 2 विकेट झटके. शेफाली वर्मा ने भी 1 विकेट चटकाया. भारतीय टीम ने 56 रनों के लक्ष्य को 8.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल किया. भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 और दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं.
(आईएएनएस से इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा-विराट कोहली से आगे बाबर आजम, T20I में सबसे अधिक चौके लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज
यह भी पढ़ें: सीएसके में स्टीफन फ्लेमिंग का सबसे अच्छा विकल्प कौन? हेडन ने पूर्व आरसीबी स्टार को बताया 'परफेक्ट चॉइस'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं