वनडे वर्ल्ड कप 2027 में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े महाकुंभ यानि की वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर भविष्यवाणी भी शुरू हो चुकी हैं. इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान शॉन पोलॉक ने भी उन चार टीमों के नाम बताए हैं जिन्हें वह अगले विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचता हुआ देख रहे हैं. पोलॉक की लिस्ट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका ये चार देश शामिल हैं.
पोलॉक की इस भविष्यवाणी में भारत का नाम सबसे पहले है. टीम इंडिया पिछले कुछ वर्षों से वनडे क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और बड़े आईसीसी टूर्नामेंटों में भी मजबूत दावेदार के रूप में उतरी है. ऐसे में वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर भी भारतीय टीम से उम्मीदें काफी ज्यादा रहने वाली हैं.
भारतीय फैंस के लिए वर्ल्ड कप 2027 एक अलग वजह से भी खास हो सकता है. रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए वनडे वर्ल्ड कप 2027 करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है. दोनों खिलाड़ियों ने भारत को कई बड़े मैच जिताए हैं और एक दशक से ज्यादा समय तक टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली है. ऐसे में फैंस चाहेंगे कि दोनों दिग्गज एक बार फिर सबसे बड़े मंच पर अपना असर छोड़ें.
टीम इंडिया की मौजूदा वनडे टीम पर नजर डालें तो बल्लेबाजी में रोहित, विराट, शुभमन गिल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी हैं, जबकि गेंदबाजी की अगुआई जसप्रीत बुमराह के हाथों में है. वहीं रवींद्र जडेजा का अनुभव टीम के लिए अतिरिक्त मजबूती लेकर आता है. यही वजह है कि 2027 वर्ल्ड कप की चर्चा शुरू होते ही भारत को खिताब के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है.
हालांकि विश्व कप अभी दूर है और अगले कुछ महीनों में टीमों के संयोजन में बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं, लेकिन शॉन पोलॉक की इस भविष्यवाणी ने फिलहाल क्रिकेट जगत में नई बहस जरूर छेड़ दी है. भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मेजबान दक्षिण अफ्रीका भी उन टीमों में शामिल हैं जिन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं.
शॉन पोलक ने चुना ODI वर्ल्ड कप 2027 के टॉप 4 सेमीफाइनलिस्ट
भारत
ऑस्ट्रेलिया
इंग्लैंड
दक्षिण अफ्रीका
यह भी पढ़ें | कौन लेगा धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर फैसला? सीएसके सीईओ काशी विश्वनाथन ने खोल दिया सबसे बड़ा राज
यह भी पढ़ें | शुभमन गिल नंबर 1, बुमराह नंबर 2, ICC प्लेयर ऑफ द मंथ जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं